बच्चे खेलो को अपने जीवन का हिस्सा बनाकर नशे से रहें दूर :- केवल सिंह पठानिया

बच्चे खेलो को अपने जीवन का हिस्सा बनाकर नशे से रहें दूर :- केवल सिंह पठानिया

कांगडा/धर्मशाला, 17 सितंबर चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)

विधानसभा उपमुख्य सचेतक एवं शाहपुर के विधायक केवल सिंह पठानिया ने विद्यार्थियों से खेलों को अपने जीवन का अभिन्न अंग बनाने और नशे जैसी सामाजिक बुराई से दूर रहने का आह्वान किया। वह वीरवार को राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कल्याडा में आयोजित जिला स्तरीय अंडर-19 छात्र-छात्राओं की खेलकूद प्रतियोगिता के शुभारंभ समारोह में बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे।उन्होंने कहा कि खेल शारीरिक एवं बौद्धिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। स्वस्थ शरीर में स्वस्थ मन का वास होता है और युवाओं को नियमित रूप से खेल गतिविधियों से जुड़कर सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने कहा कि खेल युवाओं को नशे से दूर रखने में भी प्रभावी माध्यम साबित हो सकते हैं।

प्रतियोगिता में जिले के 15 जोनों से करीब 610 खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। पठानिया ने कहा कि प्रदेश सरकार खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में पदक जीतने वाले हिमाचली खिलाड़ियों की पुरस्कार राशि बढ़ाई गई है। ओलंपिक, शीतकालीन ओलंपिक और पैरालंपिक में स्वर्ण पदक विजेताओं को पांच करोड़, रजत पदक विजेताओं को तीन करोड़ और कांस्य पदक विजेताओं को दो करोड़ रुपये की प्रोत्साहन राशि दी जा रही है।उन्होंने बताया कि जापान के नागोया में आयोजित होने वाले एशियन गेम्स में हिमाचल की चार महिला कबड्डी खिलाड़ी पुष्पा, भावना, ज्योति और रितु भारत का प्रतिनिधित्व कर रही हैं। पुष्पा को भारतीय महिला कबड्डी टीम की कप्तान चुना गया है।इस अवसर पर पठानिया ने कल्याडा स्कूल के खेल मैदान के सौंदर्यीकरण के लिए 11 लाख रुपये, स्कूल परिसर में हैंडपंप स्थापित करने और प्रतियोगिता आयोजन के लिए 15 हजार रुपये देने की घोषणा की।

उन्होंने कहा कि कल्याडा में करीब 80 लाख रुपये की लागत से ओबीसी भवन का निर्माण भी जल्द किया जाएगा।इससे पहले उन्होंने दीप प्रज्ज्वलित कर प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। विद्यालय के विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। कार्यक्रम में शिक्षा विभाग के अधिकारी, बीडीओ रैत, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष सुरेश पटाकु, पंचायती राज संस्थाओं के प्रतिनिधि, विभिन्न विद्यालयों के प्रधानाचार्य-अध्यापक, खिलाड़ी और अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!