गुराड़ स्कूल में बाल अधिकार, पॉक्सो अधिनियम व करियर गाइडेंस को लेकर जागरूक किए विद्यार्थी

गुराड़ स्कूल में बाल अधिकार, पॉक्सो अधिनियम व करियर गाइडेंस को लेकर जागरूक किए विद्यार्थी

चंबा 17 सितंबर चम्बा न्पूज एक्सप्रेस (ब्यूरो)

चाइल्ड हेल्पलाइन चंबा की ओर से 17 सितंबर 2026 को चंबा उपमंडल के राजकीय उच्च विद्यालय गुराड़ में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों, अध्यापकों एवं नॉन-टीचिंग स्टाफ को बाल अधिकारों, पॉक्सो अधिनियम, सोशल मीडिया के लाभ-हानि, करियर गाइडेंस तथा चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 की कार्यप्रणाली के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।चाइल्ड हेल्पलाइन चंबा के जिला समन्वयक कपिल शर्मा और केस वर्कर चैन सिंह ने विद्यार्थियों को टोल फ्री नंबर 1098 के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि जरूरत अथवा संकट की स्थिति में बच्चे इस सेवा के माध्यम से सहायता प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने बच्चों को उनके अधिकारों के साथ-साथ कर्तव्यों के प्रति भी जागरूक किया।कार्यक्रम में सोशल मीडिया के सकारात्मक एवं नकारात्मक प्रभावों पर भी चर्चा की गई। बच्चों को फेसबुक सहित अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर होने वाली ब्लैकमेलिंग और इससे बचाव के उपायों के बारे में जानकारी दी गई। इसके अलावा पॉक्सो अधिनियम के प्रावधानों तथा बच्चों, अभिभावकों, अध्यापकों, अन्य हितधारकों और पुलिस की भूमिका को लेकर भी विस्तार से चर्चा की गई।

जागरूकता कार्यक्रम में विद्यार्थियों को चरित्र निर्माण, अनुशासन और जीवन में लक्ष्य निर्धारित करने का महत्व समझाया गया। साथ ही करियर गाइडेंस के तहत भविष्य में उपलब्ध विभिन्न करियर विकल्पों के बारे में जानकारी दी गई। अध्यापकों से आग्रह किया गया कि वे समय-समय पर विद्यार्थियों को उनकी रुचि और क्षमता के अनुरूप विभिन्न करियर विकल्पों की जानकारी प्रदान करें, ताकि बच्चे अपनी प्रतिभा और क्षमताओं का बेहतर उपयोग कर सकें।विद्यालय के अध्यापकों ने चाइल्ड हेल्पलाइन द्वारा आयोजित कार्यक्रम की सराहना करते हुए इसे विद्यार्थियों और शिक्षकों के लिए महत्वपूर्ण बताया तथा भविष्य में भी ऐसे जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने का आग्रह किया।कार्यक्रम में कार्यवाहक मुख्याध्यापक शास्त्री राजेंद्र सिंह, दीक्षांत पटियाल, राकेश ठाकुर, मीना कुमारी और प्रीतम सिंह सहित पांच अध्यापक-अध्यापिकाएं, चार नॉन-टीचिंग कर्मचारी तथा 56 विद्यार्थी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!