डलहौजी बस स्टैंड में विश्वकर्मा दिवस पर भव्य भंडारें का आयोजन, हजारों श्रद्धालुओं ने ग्रहण किया प्रसाद

डलहौजी/चंबा, 17 सितंबर , चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)
आज विश्वकर्मा दिवस के पावन अवसर पर बस स्टैंड मार्केट डलहौजी और टैक्सी यूनियन की ओर से भव्य भंडारे का आयोजन किया गया। टैक्सी यूनियन पार्किंग, बस स्टैंड डलहौजी में आयोजित इस भंडारे में हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं ने पहुंचकर प्रसाद ग्रहण किया।भंडारे के दौरान मणिमहेश यात्रा पर आने-जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए भोजन की व्यवस्था की गई। श्रद्धालुओं ने श्रद्धा और आस्था के साथ लंगर का प्रसाद ग्रहण किया विश्वकर्मा एवं भगवान भोले शंकर से सुख-समृद्धि की कामना की। आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला।आयोजक जय सिंह ने बताया कि मणिमहेश यात्रियों की सेवा के उद्देश्य से यह भंडारा पिछले पांच वर्षों से लगातार आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि भंडारे के सफल आयोजन में बस स्टैंड मार्केट, टैक्सी यूनियन, पुलिस प्रशासन, आयोजन कमेटी और स्थानीय लोगों का महत्वपूर्ण सहयोग रहता है। सभी के सामूहिक सहयोग से यात्रियों के लिए भोजन एवं सेवा की व्यवस्था सुनिश्चित की जाती है।उन्होंने कहा कि मणिमहेश यात्रा के दौरान दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालुओं की सेवा करना पुण्य का कार्य है। भंडारे के माध्यम से यात्रियों को भोजन उपलब्ध करवाने के साथ-साथ उन्हें यात्रा के दौरान कुछ समय विश्राम और अपनत्व का एहसास भी मिलता है।जय सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि भगवान विश्वकर्मा एवं भगवान शिव से यही प्रार्थना है कि यह भंडारा भविष्य में भी निरंतर चलता रहे और आयोजकों को इसी तरह मणिमहेश यात्रियों की सेवा करने का अवसर मिलता रहे।आयोजकों ने भंडारे के आयोजन में सहयोग देने वाले पुलिस प्रशासन, कमेटी सदस्यों, टैक्सी यूनियन, बस स्टैंड मार्केट के दुकानदारों और स्थानीय लोगों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सामूहिक सहयोग और सेवा भावना से ही इस प्रकार के धार्मिक एवं सामाजिक आयोजन सफल हो पाते हैं।