स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने पर उपायुक्त मुकेश रेपस्वाल ने दिए समयबद्ध कार्य के निर्देश

चंबा 18 सितंबर चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)
चंबा 18 सितंबर चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस ( ब्यूरो)
जिला में स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाने के उद्देश्य से उपायुक्त मुकेश रेपस्वाल की अध्यक्षता में आज स्वास्थ्य एवं योजना विभाग के अधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में आकांक्षी जिला कार्यक्रम के अंतर्गत स्वास्थ्य क्षेत्र में किए जा रहे विभिन्न कार्यों की प्रगति तथा भविष्य की योजनाओं पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई।बैठक के दौरान जिला के विभिन्न स्वास्थ्य संस्थानों में आधुनिक स्वास्थ्य उपकरणों की खरीद, आवश्यक सुविधाओं के विस्तार और मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करवाने से संबंधित विषयों की समीक्षा की गई। उपायुक्त ने स्वास्थ्य संस्थानों की मौजूदा आवश्यकताओं, उपलब्ध उपकरणों तथा स्वास्थ्य सुविधाओं को और बेहतर बनाने के लिए प्रस्तावित कार्यों की जानकारी अधिकारियों से ली।उन्होंने कहा कि ग्रामीण एवं दूरदराज के क्षेत्रों में लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाना प्रशासन की प्राथमिकताओं में शामिल है। इसके लिए स्वास्थ्य संस्थानों को आवश्यक आधुनिक उपकरणों से सुसज्जित करने के साथ-साथ आधारभूत सुविधाओं को मजबूत किया जाना आवश्यक है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रस्तावित कार्यों से संबंधित सभी आवश्यक औपचारिकताएं निर्धारित प्रक्रिया के तहत जल्द पूरी की जाएं।उपायुक्त ने विशेष रूप से आधुनिक स्वास्थ्य उपकरणों की खरीद से जुड़े मामलों को समयबद्ध तरीके से आगे बढ़ाने के निर्देश दिए, ताकि इन सुविधाओं का लाभ आमजन को शीघ्र मिल सके। उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार के लिए संबंधित विभागों के अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने पर भी बल दिया।बैठक में स्वास्थ्य क्षेत्र से जुड़े विभिन्न प्रस्तावों और आवश्यकताओं पर भी विचार-विमर्श किया गया। उपायुक्त ने अधिकारियों से कहा कि स्वास्थ्य संस्थानों की जरूरतों का प्राथमिकता के आधार पर आकलन कर आवश्यक कदम उठाए जाएं, जिससे उपलब्ध संसाधनों का प्रभावी उपयोग सुनिश्चित हो सके।बैठक में जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. कविता महाजन, मेडिकल कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. पंकज गुप्ता, जिला योजना अधिकारी डॉ. देवेंद्र सिंह सहित स्वास्थ्य एवं योजना विभाग के अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।