बैंक में सरकारी नौकरी का झांसा देकर भाई-बहन से लाखों की ठगी, जाली नियुक्ति पत्र भी भेजा

बैंक में सरकारी नौकरी का झांसा देकर भाई-बहन से लाखों की ठगी, जाली नियुक्ति पत्र भी भेजा

डलहौजी/चम्बा 18 सितम्बर चम्बा न्युज एक्स्प्रेस (ब्यूरो)

पुलिस थाना डलहौजी के अंतर्गत मालुड़ा गांव के एक ही परिवार के दो सगे भाई-बहन से बैंक में सरकारी नौकरी दिलाने का झांसा देकर लाखों रुपये की ठगी किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़ित परिवार ने मामले की शिकायत पुलिस थाना डलहौजी में दर्ज करवाई है, जिसके बाद पुलिस द्वारा मामले की जांच और आगामी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।प्राप्त जानकारी के अनुसार मामला बीते जुलाई माह का बताया जा रहा है। पीड़ित परिवार के अनुसार अमृतसर, पंजाब निवासी शिवानी पत्नी स्वर्गीय शंभू, निवासी गोदाम मोहल्ला, हॉल गेट, अमृतसर ने परिवार को दोनों भाई-बहन को बैंक में सरकारी नौकरी दिलाने का भरोसा दिलाया था। शिवानी की बातों पर विश्वास करते हुए परिवार ने नौकरी लगवाने के लिए लाखों रुपये की राशि जुटाई।पीड़ितों के अनुसार कुछ रकम नकद जान-पहचान के व्यक्ति के माध्यम से शिवानी तक पहुंचाई गई, जबकि शेष राशि ऑनलाइन ट्रांजैक्शन के जरिए भेजी गई। पैसे लेने के बाद शिवानी ने दोनों भाई-बहन के नाम से कथित नियुक्ति पत्र भी तैयार कर भेजे।

इसके बाद जॉइनिंग करवाने के नाम पर उनसे और पैसों की मांग की गई।जब परिवार ने अतिरिक्त राशि देने में असमर्थता जताई ,और और पैसे देने में आनाकानी की तो कथित तौर पर शिवानी ने पहले दिए गए पैसे वापस करने और नौकरी दिलाने से इनकार कर दिया। इसके बाद उसने अपना मोबाइल फोन भी बंद कर दिया। परिवार को जब भेजे गए नियुक्ति पत्र की जांच करने पर उनके जाली होने का पता चला तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई।पीड़ित भाई-बहन ने बताया कि उन्हें बिल्कुल भी अंदेशा नहीं था कि नौकरी दिलाने के नाम पर उनके साथ धोखाधड़ी हो सकती है। उन्होंने कहा कि बैंक में सरकारी नौकरी का सपना दिखाकर परिवार से लाखों रुपये लिए गए। अब स्थिति यह है कि उनके पास न तो दिए गए पैसे हैं और न ही नौकरी।पीड़ित परिवार ने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपी महिला के खिलाफ धोखाधड़ी सहित संबंधित कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। साथ ही उन्होंने अपील की है कि यदि अन्य लोग भी ऐसी ठगी का शिकार हुए हैं तो वे सामने आएं, ताकि मामले की जांच में मदद मिल सके और भ0विष्य में इस प्रकार की धोखाधड़ी से लोगों को बचाया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!