चंबा को मिली 10 इलेक्ट्रिक और 10 डीजल बसों की सौगात, चिंतपूर्णी तक दौड़ी पहली ई-बस

चंबा को मिली 10 इलेक्ट्रिक और 10 डीजल बसों की सौगात, चिंतपूर्णी तक दौड़ी पहली ई-बस

चंबा, 19 सितंबर चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)

उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने शनिवार को चंबा जिला को 10 इलेक्ट्रिक और 10 डीजल बसों की सौगात दी। उन्होंने चंबा में विधिवत पूजा-अर्चना के बाद 10 इलेक्ट्रिक बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इनमें पहली इलेक्ट्रिक बस चंबा से माता श्री चिंतपूर्णी के लिए रवाना हुई। यह बस बनीखेत, दुनेरा, सदवां, नूरपुर, धमेटा और तलवाड़ा होते हुए चिंतपूर्णी पहुंचेगी।इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री ने कहा कि हिमाचल की भौगोलिक परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए इलेक्ट्रिक बसों को विशेष रूप से डिजाइन किया गया है। प्रदेश में उपयुक्त बस का प्रोटोटाइप तय करने में काफी समय लगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में इलेक्ट्रिक बसों का सफल संचालन हो रहा है और चालकों को इनके संचालन के लिए प्रशिक्षण दिया जा रहा है।

वर्तमान में प्रदेश में 297 इलेक्ट्रिक बसें संचालित हैं। उन्होंने कहा कि ये बसें पर्यावरण के अनुकूल हैं और इनकी 12 वर्ष तक की मेंटिनेंस की जिम्मेदारी संबंधित कंपनी की है।उन्होंने कहा कि चंबा में पहली बार 10 इलेक्ट्रिक बसों का संचालन शुरू हुआ है। आने वाले समय में चंबा में मिडी बसें भी चलाई जाएंगी। परिवहन व्यवस्था को मजबूत करने के लिए एचआरटीसी में जल्द ही चालकों और परिचालकों की भर्ती की जाएगी।इसके बाद उप मुख्यमंत्री ने कश्मीरी मोहल्ले स्थित श्री चंद्रशिला मंदिर में शीश नवाया। उन्होंने भाषा एवं संस्कृति विभाग द्वारा 27.41 करोड़ रुपये की लागत से निर्माणाधीन ऑडिटोरियम का निरीक्षण किया और कहा कि निर्माण कार्य अंतिम चरण में है तथा इसे आगामी दो माह में पूरा किया जाएगा।

उन्होंने चंबा में आठ करोड़ रुपये की लागत से बन रहे मल्टी स्टोरी भवन का भी निरीक्षण किया और अधिकारियों को कार्य निर्धारित अवधि में पूरा करने के निर्देश दिए।मंगला में उन्होंने जल शक्ति विभाग द्वारा करीब दो करोड़ रुपये की लागत से निर्माणाधीन विश्राम गृह का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि यह विभागीय आवश्यकताओं के साथ पर्यटकों और आम लोगों के लिए भी उपयोगी होगा।इस दौरान पूर्व शिक्षा मंत्री आशा कुमारी, विधायक नीरज नैयर, एचआरटीसी उपाध्यक्ष अजय वर्मा, उपायुक्त मुकेश रेपसवाल, एसपी विजय सकलानी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और गणमान्य लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!