बड़ा भंगाल में गंभीर रूप से बीमार व्यक्ति का सफल रेस्क्यू, प्रशासन के समन्वय से समय पर मिली चिकित्सा सहायता

बड़ा भंगाल में गंभीर रूप से बीमार व्यक्ति का सफल रेस्क्यू, प्रशासन के समन्वय से समय पर मिली चिकित्सा सहायता

बैजनाथ/ कांगड़ा, 28 सितंबर चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)

बड़ा भंगाल निवासी दुर्गा राम के पेट में तेज दर्द के चलते गंभीर रूप से बीमार होने की सूचना मिलने पर प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उनका सफल रेस्क्यू करवाया। प्रशासन के विभिन्न विभागों और जिलों के बीच बेहतर समन्वय के चलते मरीज को समय पर चिकित्सा सहायता उपलब्ध करवाई जा सकी।उपमंडलाधिकारी बैजनाथ संकल्प गौतम ने बताया कि दुर्गा राम की तबीयत खराब होने की सूचना क्षेत्रीय प्रशासन के माध्यम से प्राप्त हुई थी। उन्होंने तत्काल मामले की जानकारी उपायुक्त कांगड़ा हेमराज बैरवा को दी। उपायुक्त कांगड़ा ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उपायुक्त चंबा के साथ समन्वय स्थापित किया और मरीज को सुरक्षित निकालने के लिए आवश्यक कदम उठाए।एसडीएम ने बताया कि पंकज महंत के नेतृत्व में 13 सदस्यीय माउंटेनियरिंग रेस्क्यू टीम को चंबा से बड़ा भंगाल भेजा गया। दुर्गम पर्वतीय क्षेत्र, कठिन रास्तों, प्रतिकूल मौसम और जोखिमपूर्ण परिस्थितियों के बावजूद टीम ने साहस एवं कर्तव्यनिष्ठा का परिचय देते हुए मरीज तक पहुंच बनाई।

टीम ने मौके पर मरीज को प्राथमिक उपचार उपलब्ध करवाया और इसके बाद उसे पैदल मार्ग से सुरक्षित रूप से घरौंडा तक पहुंचाया। वहां से एंबुलेंस के माध्यम से मरीज को आगे चिकित्सा सहायता के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।एसडीएम संकल्प गौतम ने कहा कि यह रेस्क्यू अभियान प्रशासन की त्वरित निर्णय क्षमता, विभिन्न जिला प्रशासन के बीच समन्वय तथा रेस्क्यू टीम की कर्तव्यनिष्ठा का उदाहरण है। उन्होंने अभियान में शामिल सभी सदस्यों की सराहना करते हुए उनके साहस, समर्पण और टीम भावना की प्रशंसा की।उन्होंने उपायुक्त कांगड़ा हेमराज बैरवा और उपायुक्त चंबा के सक्रिय सहयोग एवं मार्गदर्शन के लिए आभार व्यक्त किया। रेस्क्यू टीम में भुवनेश्वर महंत, कमलेश ठाकुर, अभिषेक शर्मा, बलबीत, दीपक, आकाश, हरीश, कारण, विकास, दिलवर सिंह, राकेश तथा जयराम शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!