पालमपुर के होटल में 7.92 ग्राम चिट्टा बरामद, पांच आरोपी गिरफ्तार

पालमपुर के होटल में 7.92 ग्राम चिट्टा बरामद, पांच आरोपी गिरफ्तार

कांगड़ा/पालमपुर 04 अक्टूबर चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)

नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कांगड़ा पुलिस की सीआईए टीम ने पालमपुर क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए पांच लोगों को चिट्टा (हेरोइन) के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 7.92 ग्राम चिट्टा/हेरोइन बरामद की है। पुलिस ने इस संबंध में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है।पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार सीआईए कांगड़ा की टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि पालमपुर के लोहना स्थित होटल पोस्टकार्ड में कुछ लोग नशीले पदार्थ के साथ मौजूद हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने होटल के कमरा नंबर 304 में दबिश देकर तलाशी ली। तलाशी के दौरान पुलिस को 7.92 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ।मामले में पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आदित्य पठानिया (24), निवासी ठाकुरद्वारा, पालमपुर; दीपेन्द्र सिंह (32), निवासी सिरसा, हरियाणा; प्रांशुल कपूर (23), निवासी मारंडा, पालमपुर; कबीर (23), निवासी ठाकुरद्वारा, पालमपुर तथा ममता ठाकुर (27), निवासी संधोल, जिला मंडी के रूप में हुई है।पुलिस ने बरामद नशीले पदार्थ को कब्जे में लेकर आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम की धारा 21 और 29 के तहत थाना पालमपुर में मामला दर्ज किया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद चिट्टा आरोपियों तक कहां से पहुंचा था और इसे आगे कहां सप्लाई किया जाना था। इसके अलावा पुलिस आरोपियों के आपसी संबंधों और नशे के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के बारे में भी जानकारी जुटा रही है।पुलिस अधीक्षक कांगड़ा कुलभूषण वर्मा ने मामले की पुष्टि करते हुए कहा कि नशे के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी है। उन्होंने कहा कि जिले में नशीले पदार्थों की तस्करी और सप्लाई करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस की इस कार्रवाई से नशा कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मचा हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!