11 अक्तूबर से शुरू होगी जिला स्तरीय ओपन स्नूकर प्रतियोगिता,विजेता को 10 हजार रुपये नकद और ट्रॉफी, 9 अक्तूबर तक होगा पंजीकरण

11 अक्तूबर से शुरू होगी जिला स्तरीय ओपन स्नूकर प्रतियोगिता,विजेता को 10 हजार रुपये नकद और ट्रॉफी, 9 अक्तूबर तक होगा पंजीकरण

चंबा, 4 अक्तूबर चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)

जिला स्नूकर एवं पूल एसोसिएशन चंबा के तत्वावधान में जिला स्तरीय 10-रेड स्नूकर ओपन टूर्नामेंट का आयोजन 11 अक्तूबर से किया जाएगा। प्रतियोगिता का आयोजन शक्ति स्नूकर क्लब चंबा में होगा। प्रतियोगिता को लेकर खिलाड़ियों में उत्साह है और जिले के विभिन्न क्षेत्रों से प्रतिभागियों के इसमें हिस्सा लेने की उम्मीद है।एसोसिएशन के सचिव डॉ. अनूप कुमार शर्मा ने बताया कि प्रतियोगिता में विजेता खिलाड़ी को 10 हजार रुपये की नकद राशि के साथ ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया जाएगा। उपविजेता को पांच हजार रुपये का नकद पुरस्कार मिलेगा। इसके अलावा दोनों सेमीफाइनल मुकाबलों में पहुंचने वाले खिलाड़ियों को 2,500-2,500 रुपये की पुरस्कार राशि दी जाएगी।उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता में 65 अंकों से अधिक का हाईएस्ट ब्रेक लगाने वाले खिलाड़ी को भी विशेष रूप से एक हजार रुपये की नकद राशि प्रदान की जाएगी।

इससे खिलाड़ियों को बेहतर प्रदर्शन करने और प्रतियोगिता में प्रतिस्पर्धात्मक भावना के साथ खेलने के लिए प्रोत्साहन मिलेगा।जिला स्नूकर एवं पूल एसोसिएशन के अध्यक्ष शक्ति प्रसाद चौहान ने प्रतियोगिता के आयोजन से संबंधित जानकारी देते हुए बताया कि नॉकआउट चरण के मुकाबले बेस्ट ऑफ थ्री प्रारूप में खेले जाएंगे। वहीं, प्रतियोगिता के सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबले बेस्ट ऑफ फाइव प्रारूप में होंगे। प्रतियोगिता में भाग लेने के इच्छुक खिलाड़ियों के लिए पंजीकरण शुल्क 500 रुपये निर्धारित किया गया है।शक्ति प्रसाद चौहान ने बताया कि प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए खिलाड़ी 9 अक्तूबर तक अपना पंजीकरण करवा सकते हैं। उन्होंने कहा कि प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य चंबा जिले में स्नूकर खेल को बढ़ावा देना और स्थानीय खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए बेहतर मंच उपलब्ध करवाना है।प्रतियोगिता से संबंधित अधिक जानकारी के लिए इच्छुक खिलाड़ी 9805078395 नंबर पर संपर्क कर सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!