मुख्यमंत्री जल्द करेंगे भटियात का दौरा, 600 करोड़ से अधिक की विकास परियोजनाओं के होंगे लोकार्पण और शिलान्यास

भटियात/ चम्बा 10 अक्टूबर चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)
विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू जल्द ही भटियात विधानसभा क्षेत्र का प्रवास करेंगे। इस दौरान 600 करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न विभागीय विकास परियोजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास किए जाएंगे। इससे क्षेत्र में विकास कार्यों को नई गति मिलेगी।विधानसभा अध्यक्ष शनिवार को ककीरा कस्बे के अंतर्गत ग्राम पंचायत जरेई में 89 लाख रुपये की लागत से बनने वाले मगन्यूई-रुडबा संपर्क मार्ग का भूमि पूजन करने के बाद वैरियां गला में आयोजित जनसभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे के दौरान मिनी सचिवालय, सिविल कोर्ट, सर्किट हाउस तथा पेयजल, सिंचाई, विद्युत, शिक्षा और स्वास्थ्य विभागों से संबंधित विभिन्न परियोजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास प्रस्तावित है।

उन्होंने ककीरा, घटासनी, तारागढ़ और आसपास की पंचायतों में सड़क निर्माण, सर्वेक्षण तथा पुनर्निर्माण कार्यों की प्रगति की जानकारी देते हुए बताया कि प्रस्तावित 11 सड़क परियोजनाओं में से चार को वन अधिकार अधिनियम (एफआरए) के तहत स्वीकृति मिल चुकी है। उन्होंने कहा कि भटियात की भौगोलिक परिस्थितियों और जलवायु को ध्यान में रखते हुए लोक निर्माण विभाग के माध्यम से संपर्क मार्गों का निर्माण करवाया जा रहा है। सड़कों की गुणवत्ता, तकनीकी मानकों और टिकाऊपन पर विशेष ध्यान देकर हर मौसम में यातायात सुविधा सुनिश्चित करना सरकार की प्राथमिकता है।इसके बाद कुलदीप सिंह पठानिया ने ग्राम पंचायत नैनीखड्ड के अंतर्गत रैना-बलेरा संपर्क सड़क का शिलान्यास किया।

रैना में आयोजित जनसभा में उन्होंने बताया कि इस सड़क के निर्माण पर 69 लाख रुपये खर्च करने का प्रावधान रखा गया है।स्थानीय लोगों की मांग पर उन्होंने घटासनी-लाहड़ू संपर्क मार्ग को नैनीखड्ड तक विस्तारित करने की घोषणा की। साथ ही ढुडियारा बंगला में खेल मैदान बनाने का आश्वासन दिया। उन्होंने महिला मंडल भड़ेला, मगन्यूई-रुडबा, रैना और केहलू को 25-25 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि देने की भी घोषणा की। इस दौरान उन्होंने लोगों की समस्याएं सुनकर उनके समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाए।कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के अधिकारी, पंचायती राज संस्थाओं के प्रतिनिधि, कांग्रेस पदाधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।
