मुख्यमंत्री के होली दौरे की तैयारियों की उपायुक्त ने की समीक्षा, अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश

होली/चंबा 19 अक्टूबर चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू के 22 और 23 अक्तूबर को जनजातीय क्षेत्र होली के प्रस्तावित दौरे को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी के तहत उपायुक्त मुकेश रेपस्वाल की अध्यक्षता में संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में मुख्यमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रमों की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।बैठक के दौरान उपायुक्त ने कार्यक्रम स्थलों पर सुरक्षा, यातायात व्यवस्था, पेयजल, विद्युत आपूर्ति, स्वच्छता और अन्य मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता के संबंध में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए निर्धारित समय सीमा के भीतर सभी आवश्यक प्रबंध पूरे करने के निर्देश दिए, ताकि मुख्यमंत्री का दौरा सुचारू रूप से संपन्न हो सके।

उपायुक्त मुकेश रेपस्वाल ने ग्राम पंचायत होली के गांव सुटकर का भी दौरा कर वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। यहां 22 अक्तूबर की शाम मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में ‘सरकार गांव के द्वार’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस कार्यक्रम के माध्यम से क्षेत्र के लोगों को सरकार की योजनाओं और जनकल्याणकारी गतिविधियों से जोड़ने के साथ उनकी समस्याओं के समाधान पर भी ध्यान केंद्रित किया जाएगा।इसके अतिरिक्त उपायुक्त ने पीएम श्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय होली का निरीक्षण किया। यहां 23 अक्तूबर को मुख्यमंत्री विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों के साथ संवाद करेंगे।

उन्होंने विद्यालय परिसर में कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।उपायुक्त ने कहा कि मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान आमजन को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। इसके लिए सभी विभाग समय रहते तैयारियां पूरी करें और अपने दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करें।बैठक में एपीएमसी अध्यक्ष ललित ठाकुर, प्रदेश युवा कांग्रेस उपाध्यक्ष चन्द्रमणि कुलेठी, पुलिस अधीक्षक विजय सकलानी, एडीएम भरमौर विकास शर्मा, एसडीएम अजय सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
