शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर 24 से 26 अक्तूबर तक चंबा प्रवास पर, कई स्कूलों के भवनों का करेंगे उद्घाटन

चंबा 19 अक्टूबर चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)
हिमाचल प्रदेश के शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर 24 से 26 अक्तूबर तक चंबा जिले के प्रवास पर रहेंगे। इस दौरान वह विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों के कार्यक्रमों में शामिल होने के साथ स्कूलों के नवनिर्मित भवनों और विज्ञान खंड का उद्घाटन करेंगे। शिक्षा मंत्री के दौरे को लेकर संबंधित विभागों और शैक्षणिक संस्थानों में तैयारियां की जा रही हैं।शिक्षा मंत्री के प्रवास कार्यक्रम की जानकारी देते हुए विभागीय प्रवक्ता ने बताया कि रोहित ठाकुर 23 अक्तूबर की शाम को डलहौजी पहुंचेंगे। इसके बाद 24 अक्तूबर को दोपहर 2 बजे वह सेक्रेड हार्ट वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, डलहौजी के 125वें वर्षगांठ समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे। इस कार्यक्रम में विद्यालय की शैक्षणिक उपलब्धियों और गौरवशाली इतिहास को लेकर विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। समारोह के बाद शिक्षा मंत्री का रात्रि ठहराव चंबा में रहेगा।प्रवक्ता ने बताया कि शिक्षा मंत्री 25 अक्तूबर को राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय मैहला और राजकीय उच्च विद्यालय सैहली के नवनिर्मित भवनों का उद्घाटन करेंगे।

इन भवनों के शुरू होने से विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध करवाने में मदद मिलेगी। इसी दिन दोपहर बाद वह राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय मांधा में निर्मित विज्ञान खंड का भी उद्घाटन करेंगे। इससे विद्यार्थियों को विज्ञान विषय की पढ़ाई के लिए बेहतर आधारभूत सुविधाएं मिलने की उम्मीद है। 25 अक्तूबर को उनका रात्रि ठहराव भरमौर में रहेगा।शिक्षा मंत्री 26 अक्तूबर को सुबह 8:30 बजे भरमौर से कुगती के लिए रवाना होंगे। यहां वह राजकीय उच्च विद्यालय कुगती के नवनिर्मित भवन का उद्घाटन करेंगे। इस भवन के शुरू होने से क्षेत्र के विद्यार्थियों को शिक्षा के लिए बेहतर वातावरण और सुविधाएं उपलब्ध होंगी।विभागीय प्रवक्ता के अनुसार, शिक्षा मंत्री के 26 अक्तूबर के बाद के प्रवास कार्यक्रम की जानकारी बाद में जारी की जाएगी।