चंबा चौगान में आत्मनिर्भर भारत-तीसरी डेस्टिनेशन हिमाचल एक्सपो 2026 का भव्य शुभारंभ
इसरो सहित कई प्रमुख संस्थानों ने लगाई प्रदर्शनी, विद्यार्थियों और किसानों को मिल रही विज्ञान एवं नवाचार की जानकारी

चंबा 23 अक्टूबर चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)
चंबा के ऐतिहासिक चौगान मैदान में शुक्रवार को तीन दिवसीय ‘आत्मनिर्भर भारत-तीसरी डेस्टिनेशन हिमाचल एक्सपो 2026’ का भव्य शुभारंभ हुआ। 23 से 25 अक्तूबर तक आयोजित इस राष्ट्रीय स्तर की विज्ञान, नवाचार एवं उद्योग प्रदर्शनी का उद्देश्य प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आत्मनिर्भर भारत से विकसित भारत के संकल्प और ‘वोकल फॉर लोकल’ के संदेश को जन-जन तक पहुंचाना है।आविष्कार एग्जिबिशन की ओर से मनी तिवारी ने पत्रकार वार्ता में बताया कि लोकसभा सांसद डॉ. राजीव भारद्वाज के मार्गदर्शन में आयोजित इस एक्सपो में केंद्र सरकार और विभिन्न राज्यों के प्रमुख संस्थान भाग ले रहे हैं। प्रदर्शनी का मुख्य आकर्षण भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) और आईआईआरएस लैब की सहभागिता है। यहां पहली बार स्पेस सूट और अंतरिक्ष कार्यक्रमों से संबंधित मॉडल प्रदर्शित किए गए हैं, जिनके माध्यम से बच्चों और युवाओं को अंतरिक्ष विज्ञान के प्रति जागरूक किया जा रहा है।

एक्सपो में उत्तरी रेलवे, मध्य प्रदेश सरकार के हस्तशिल्प एवं सांस्कृतिक पवेलियन, सीएसआईआर-आईएचबीटी पालमपुर, जियोलॉजिकल सर्वे ऑफ इंडिया, लखनऊ तथा पालमपुर साइंस सेंटर की ओर से शोध, खगोल विज्ञान, खनिज और कृषि से संबंधित प्रदर्शनियां लगाई गई हैं। विभिन्न स्टॉलों पर स्थानीय उत्पादों और आधुनिक तकनीकों का प्रदर्शन करने के साथ बिक्री की सुविधा भी उपलब्ध करवाई गई है। इससे हिमाचल प्रदेश के स्वयं सहायता समूहों और किसान उत्पादक संगठनों (एफपीओ) को अपने उत्पादों के प्रचार-प्रसार और विपणन का अवसर मिल रहा है।आयोजकों के अनुसार, आम जनता, विद्यार्थियों, किसानों और बागवानों के लिए प्रवेश पूरी तरह निशुल्क रखा गया है। शनिवार को प्रदेश के राज्यपाल कविंद्र गुप्ता तथा 25 अक्तूबर को सांसद डॉ. राजीव भारद्वाज सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि प्रदर्शनी का अवलोकन करेंगे।पहले दिन चंबा शहर के विभिन्न स्कूलों के विद्यार्थियों और जिले के दूरदराज क्षेत्रों से पहुंचे किसानों-बागवानों ने प्रदर्शनी का भ्रमण कर महत्वपूर्ण जानकारियां हासिल कीं।

इस अवसर पर उत्तरी भारत की वरिष्ठ जनसंपर्क अधिकारी निधि सिंह, वैज्ञानिक डॉ. सुखविंदर सिंह और मध्य प्रदेश हस्तशिल्प से केपी मिश्रा भी उपस्थित रहे। आयोजकों ने क्षेत्रवासियों और विद्यार्थियों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर इस प्रदर्शनी का लाभ उठाने की अपील की।