बनीखेत में प्रथम जूनियर नेशनल टेराथॉन चैंपियनशिप-2026 का आगाज, 14 राज्यों के खिलाड़ी ले रहे भाग

डलहौजी/चंबा 23 अक्टूबर चम्बा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)
हिमाचल प्रदेश के जिला चंबा के बनीखेत खेल मैदान में प्रथम जूनियर नेशनल टेराथॉन चैंपियनशिप-2026 का भव्य शुभारंभ हुआ। 23 से 25 अक्टूबर तक आयोजित इस राष्ट्रीय स्तरीय प्रतियोगिता में देश के 14 राज्यों के बाल खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं।प्रतियोगिता का उद्घाटन मुख्य अतिथि राजिल व्यास, कार्यकारी निदेशक, एनएचपीसी बनीखेत ने किया। इस अवसर पर टेराथॉन फेडरेशन ऑफ इंडिया के महासचिव प्रशांत शर्मा विशेष रूप से उपस्थित रहे। दोनों अतिथियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें खेल भावना, अनुशासन और समर्पण के साथ बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम में टेराथॉन एसोसिएशन ऑफ हिमाचल प्रदेश के अध्यक्ष विनीत विज, महासचिव नवीन मेहता, उपाध्यक्ष विपन राजपूत, बालक राम, विनोद मेहता और परवीन कुमार सहित अन्य पदाधिकारी एवं आयोजन से जुड़े सदस्य मौजूद रहे।100 मीटर दौड़ रही पहले दिन का मुख्य आकर्षणप्रतियोगिता के प्रथम दिवस आयोजित 100 मीटर दौड़ स्पर्धा में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। बालक वर्ग की फाइनल रेस में डलहौजी पब्लिक स्कूल के शुभम और कर्मा, आंध्र प्रदेश के ध्रुवा पी. तथा हरियाणा के लक्ष्य चहर ने अपनी प्रतिभा से दर्शकों का ध्यान आकर्षित किया।बालिका वर्ग में डलहौजी पब्लिक स्कूल की मौमिता ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए अग्रिम स्थान हासिल किया। वहीं हिमाचल प्रदेश की मुस्कान और तमिलनाडु की रचिता, लक्ष्मी, मोहिनी एवं हेमलता ने भी बेहतरीन खेल भावना का परिचय दिया।प्रतियोगिता के आगामी चरणों में 200 और 400 मीटर दौड़ सहित अन्य स्पर्धाएं आयोजित की जाएंगी।

आयोजकों के अनुसार, यह चैंपियनशिप युवा खिलाड़ियों को राष्ट्रीय मंच प्रदान करने के साथ हिमाचल प्रदेश में खेल संस्कृति को बढ़ावा देने और नई खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।