चम्बा में खड़गे की टिप्पणी के विरोध में भाजपा का प्रदर्शन, फूंका पुतला,भाजपा नेता जय सिंह ने जताया आक्रोश, कांग्रेस नेतृत्व से मर्यादित भाषा के इस्तेमाल की अपील

चम्बा में खड़गे की टिप्पणी के विरोध में भाजपा का प्रदर्शन, फूंका पुतला,भाजपा नेता जय सिंह ने जताया आक्रोश, कांग्रेस नेतृत्व से मर्यादित भाषा के इस्तेमाल की अपील

चम्बा 27 अक्टूबर चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दिवंगत पिता को लेकर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की कथित विवादित टिप्पणी के विरोध में चम्बा में भाजपा कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और मल्लिकार्जुन खड़गे का पुतला जलाकर अपना रोष व्यक्त किया। प्रदर्शन में भाजपा प्रदेश समिति के सदस्य एवं वरिष्ठ अधिवक्ता जय सिंह ने कार्यकर्ताओं के साथ भाग लिया।इस अवसर पर जय सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनके दिवंगत पिता को लेकर की गई कथित अपमानजनक टिप्पणी दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में राजनीतिक विरोध करना प्रत्येक विपक्षी दल का अधिकार है, लेकिन राजनीतिक मतभेदों के चलते किसी के परिवार और दिवंगत परिजनों को निशाना बनाना उचित नहीं है।

ऐसी टिप्पणियां भारतीय संस्कृति, सामाजिक मूल्यों और लोकतांत्रिक परंपराओं के अनुरूप नहीं हैं।जय सिंह ने कहा कि लोकतंत्र में राजनीतिक प्रतिस्पर्धा विचारों, नीतियों और जनसेवा के आधार पर होनी चाहिए। राजनीतिक दलों को विकास, जनकल्याण और आम जनता से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि सरकार की नीतियों और निर्णयों की तथ्यों एवं तर्कों के आधार पर आलोचना करना विपक्ष का लोकतांत्रिक अधिकार है, लेकिन व्यक्तिगत और पारिवारिक टिप्पणियों से राजनीतिक संवाद की गरिमा प्रभावित होती है।उन्होंने कांग्रेस नेतृत्व से सार्वजनिक जीवन में मर्यादित भाषा का इस्तेमाल करने की अपील करते हुए कहा कि सभी राजनीतिक दलों की जिम्मेदारी है कि वे आपसी मतभेदों के बावजूद शालीनता और परस्पर सम्मान बनाए रखें।जय सिंह ने कहा कि राजनीतिक विरोध नीतियों और विचारधाराओं तक सीमित रहना चाहिए।

उन्होंने कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व से अपने बयानों की जिम्मेदारी लेने और लोकतांत्रिक संवाद की गरिमा बनाए रखने का आग्रह किया। भाजपा कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन के माध्यम से इस टिप्पणी के प्रति अपना विरोध दर्ज करवाया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!