बच्चों को बाल अधिकारों और संरक्षण कानूनों के प्रति किया गया जागरूक, डीएलएसए चम्बा द्वारा चलाया जा रहा सुरक्षित बचपन अभियान ज

बच्चों को बाल अधिकारों और संरक्षण कानूनों के प्रति किया गया जागरूक, डीएलएसए चम्बा द्वारा चलाया जा रहा सुरक्षित बचपन अभियान ज
चंबा, 30 अक्टूबर चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस( ब्यूरो)
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (डीएलएसए) चंबा की ओर से ‘सुरक्षित बचपन अभियान’ के अंतर्गत बाल अधिकारों एवं बाल संरक्षण कानूनों को लेकर विशेष विधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों को उनके अधिकारों, सुरक्षा और कानूनी संरक्षण के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ बाल शोषण, हिंसा एवं उत्पीड़न से बचाव के उपायों की जानकारी देना रहा।इस अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की अध्यक्ष एवं जिला एवं सत्र न्यायाधीश अनुजा सूद ने बच्चों को ‘मेरा बचपन, मेरा अधिकार’ और ‘कानून जानो, बचपन बचाओ’ विषयों पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि प्रत्येक बच्चे को सुरक्षित वातावरण में शिक्षा प्राप्त करने, सम्मानपूर्वक जीवन जीने और अपने व्यक्तित्व का समुचित विकास करने का अधिकार है।

बच्चों को किसी भी प्रकार के भेदभाव, शोषण, हिंसा अथवा अनुचित व्यवहार के खिलाफ आवाज उठानी चाहिए और ऐसी स्थिति में चुप नहीं रहना चाहिए।उन्होंने बताया कि बच्चों की सुरक्षा केवल अभिभावकों की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि शिक्षक, समाज और प्रत्येक नागरिक की भी इसमें महत्वपूर्ण भूमिका है। कार्यक्रम में बच्चों को लैंगिक अपराधों से बालकों का संरक्षण अधिनियम (पॉक्सो एक्ट)-2012, शिक्षा का अधिकार अधिनियम तथा बाल श्रम निषेध से संबंधित कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी गई। साथ ही सुरक्षित एवं असुरक्षित स्पर्श के बीच अंतर समझाते हुए किसी भी अनुचित व्यवहार की जानकारी तुरंत अभिभावकों, शिक्षकों अथवा संबंधित अधिकारियों को देने के लिए प्रेरित किया गया।

डिजिटल सुरक्षा के प्रति जागरूक करते हुए बच्चों को सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग, साइबर अपराध, ऑनलाइन उत्पीड़न और अजनबियों के साथ निजी जानकारी साझा करने से होने वाले खतरों के बारे में भी बताया गया।इस दौरान चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 तथा डीएलएसए के माध्यम से पात्र बच्चों और जरूरतमंद लोगों को उपलब्ध करवाई जाने वाली निःशुल्क कानूनी सहायता की जानकारी भी दी गई। उन्होंने बच्चों से अपने साथियों के अधिकारों एवं सुरक्षा के प्रति भी संवेदनशील रहने का आह्वान किया।डीएलएसए चंबा द्वारा अभियान के तहत बच्चों में आत्मविश्वास, कानूनी जागरूकता और सुरक्षा की भावना विकसित करने के लिए विभिन्न जागरूकता एवं क्षमता निर्माण कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
