ग्राम पंचायत चलामा में हिमाचल प्रदेश ग्रामीण बैंक ने लगाया वित्तीय साक्षरता शिविर, 60 लोगों ने लिया भाग

ग्राम पंचायत चलामा में हिमाचल प्रदेश ग्रामीण बैंक ने लगाया वित्तीय साक्षरता शिविर, 60 लोगों ने लिया भाग

भटियात/ चम्बा, 31 अक्टूबर चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)

हिमाचल प्रदेश ग्रामीण बैंक की शाखा मेल की ओर से शनिवार को ग्राम पंचायत चलामा में वित्तीय साक्षरता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का मुख्य उद्देश्य ग्रामीणों को बैंकिंग सेवाओं, सरकारी कल्याणकारी योजनाओं, ऋण सुविधाओं तथा साइबर धोखाधड़ी से बचाव के प्रति जागरूक करना रहा। शिविर में पंचायत के करीब 60 लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।शिविर का आयोजन शाखा प्रबंधक शाम सिंह राणा एवं बैंक कर्मचारी राजीव ठाकुर के संयुक्त प्रयासों से किया गया। इस दौरान उन्होंने नाबार्ड और भारतीय रिजर्व बैंक की ओर से संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की विस्तारपूर्वक जानकारी दी।

शाखा प्रबंधक शाम सिंह राणा ने ग्रामीणों को बताया कि हिमाचल प्रदेश ग्रामीण बैंक की ओर से कृषि ऋण, शिक्षा ऋण तथा स्वयं सहायता समूहों के लिए ऋण सहित विभिन्न बैंकिंग सुविधाएं उपलब्ध करवाई जा रही हैं।उन्होंने सामाजिक सुरक्षा के उद्देश्य से चलाई जा रही प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना (PMSBY), प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना (PMJJBY) और अटल पेंशन योजना (APY) के लाभों के बारे में भी विस्तार से बताया। इसके साथ ही बढ़ते साइबर अपराधों को देखते हुए लोगों को ऑनलाइन बैंकिंग और डिजिटल लेनदेन के दौरान विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई।

उन्होंने अपील की कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ अपना ओटीपी, पासवर्ड या बैंक खाते से जुड़ी गोपनीय जानकारी साझा न करें।इस अवसर पर चंबा जिला में सोलर योजना की प्रभारी अर्चना ने ग्रामीणों को सोलर योजना तथा हर घर मुफ्त बिजली योजना के तहत स्थापित किए जाने वाले सोलर प्लांट की प्रक्रिया और लाभों की जानकारी दी।कार्यक्रम में ग्राम पंचायत चलामा की प्रधान सीमा रानी, उपप्रधान जशवंत ठाकुर, बेली पंचायत के प्रधान कैप्टन जैसी राम, पूर्व सूबेदार निश्चल पठानिया, पूर्व कैप्टन खजान सिंह, सेवानिवृत्त ओवरसियर रतन चंद, पूर्व सूबेदार मोहन राज, वार्ड सदस्य राजकुमार, अशोक कुमार, सुनीता देवी, सुषमा देवी सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने बैंक की इस पहल की सराहना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!