डलहौजी में उपमंडल स्तरीय रेडक्रॉस मेले का आयोजन, लोगों ने रक्त भी किया रक्तदान

डलहौजी/ चम्बा 01 नवम्बर चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)
उपमंडल मुख्यालय डलहौजी के केंद्रीय तिब्बती विद्यालय मैदान में रविवार को उपमंडल स्तरीय एक दिवसीय रेडक्रॉस मेले का आयोजन किया गया। डलहौजी पब्लिक स्कूल के चेयरमैन डॉ. कैप्टन जीएस ढिल्लों ने मेले का शुभारंभ किया। इस दौरान विभिन्न शिक्षण संस्थानों की ओर से आकर्षक फूड स्टॉल लगाए गए। वहीं डॉग शो, बेबी शो और तंबोला सहित कई मनोरंजक गतिविधियां आयोजित की गईं, जिनका लोगों ने खूब आनंद उठाया।इस अवसर पर एसडीएम अनिल भारद्वाज ने कहा कि रेडक्रॉस एक अंतरराष्ट्रीय मानवतावादी संगठन है, जिसकी स्थापना वर्ष 1863 में हेनरी ड्यूनेंट ने जिनेवा में की थी।

इसका मुख्य उद्देश्य आपदा एवं आपातकालीन परिस्थितियों में जरूरतमंदों को चिकित्सा, भोजन, पानी और अन्य आवश्यक सहायता उपलब्ध करवाना है। उन्होंने लोगों से रेडक्रॉस की गतिविधियों में बढ़-चढ़कर सहयोग देने की अपील की।मेले के सफल आयोजन में सहयोग के लिए गुरु नानक पब्लिक स्कूल को साढ़े तीन लाख, डलहौजी पब्लिक स्कूल को दो लाख पांच हजार और सेक्रेड हार्ट स्कूल को डेढ़ लाख रुपये के रेडक्रॉस कूपन खरीदने पर सम्मानित किया गया। वहीं 24 वर्षों से सेवाएं दे रहे गुरु नानक पब्लिक स्कूल के प्रधानाचार्य नवदीप भंडारी, दर्शन कुमार और विशाल आनंद को विशेष सम्मान प्रदान किया गया।

पांच नए सदस्यों ऋषभ, कोमल, मनोज, अनिल और सनी को रेडक्रॉस की आजीवन सदस्यता दी गई।डॉग शो और बेबी शो में विभिन्न श्रेणियों के विजेताओं को मुख्य अतिथि ने पुरस्कृत किया। वहीं रक्तदान शिविर में 20 लोगों ने स्वेच्छा से रक्तदान किया। मेडिकल कॉलेज चंबा की टीम ने शिविर में सेवाएं दीं।इस मौके पर तहसीलदार रमेश चौहान, हिलटॉप स्कूल की निदेशक पूनम धवन, चेयरमैन सुधीर धवन, सिस्टर मोली चेरियन सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे। पुलिस, अग्निशमन विभाग और नगर परिषद की टीमों ने भी सुरक्षा, यातायात एवं स्वच्छता व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
