चंबा में आयकर विभाग ने आयोजित किया जागरूकता एवं जनसंपर्क कार्यक्रम, FAST-DS 2026 योजना की दी जानकारी

डलहौजी/ चंबा 01 नवंबर चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)
आयकर कार्यालय डलहौजी की ओर से आज रविवार को चंबा में व्यापार मंडल, कर पेशेवरों एवं प्रमुख करदाताओं के सहयोग से आयकर जागरूकता एवं जनसंपर्क कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य FAST-DS, 2026 (लघु करदाताओं के विदेशी परिसंपत्तियों के प्रकटीकरण हेतु योजना, 2026) के संबंध में करदाताओं को जागरूक करना रहा।कार्यक्रम का आयोजन आयकर अधिकारी डलहौजी विनीत कुमार ने प्रधान आयकर आयुक्त-1, चंडीगढ़ शालिनी भार्गव कौशल के निर्देशों तथा संयुक्त आयकर आयुक्त, शिमला रेंज केशव किशोर आनंद के मार्गदर्शन में किया।इस दौरान उपस्थित प्रतिभागियों को विदेशी परिसंपत्तियों के स्वैच्छिक एवं सही प्रकटीकरण के महत्व और आयकर कानून के प्रावधानों का पालन करने की आवश्यकता के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। संवादात्मक सत्र में FAST-DS, 2026 योजना के विभिन्न पहलुओं, पात्रता शर्तों तथा इसके तहत उपलब्ध अवसरों पर चर्चा की गई।

साथ ही करदाताओं को समयबद्ध तरीके से सही जानकारी प्रस्तुत करने और कर संबंधी पारदर्शिता बनाए रखने के लिए प्रेरित किया गया।अधिकारियों ने बताया कि विदेशी परिसंपत्तियों का उचित प्रकटीकरण नहीं करने अथवा गलत जानकारी देने से भविष्य में कानूनी जटिलताएं उत्पन्न हो सकती हैं। ऐसे में पात्र करदाताओं को योजना के प्रावधानों को समझकर इसका लाभ उठाना चाहिए।कार्यक्रम में व्यापार मंडल के प्रतिनिधियों, कर पेशेवरों एवं प्रमुख करदाताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतिभागियों ने योजना से संबंधित विभिन्न प्रश्न एवं जिज्ञासाएं रखीं, जिनका अधिकारियों ने विस्तारपूर्वक समाधान किया। कार्यक्रम को प्रतिभागियों की ओर से सकारात्मक प्रतिक्रिया मिली।आयकर विभाग ने कहा कि करदाताओं को जागरूक करना, स्वैच्छिक कर अनुपालन को बढ़ावा देना तथा विभिन्न हितधारकों के साथ बेहतर संवाद स्थापित करना विभाग की प्राथमिकता है।इस अवसर पर आयकर कार्यालय डलहौजी के कर सहायक राजेश कुमार, शोभित चावला तथा राजीव टंडन ने भी कार्यक्रम के सफल आयोजन में सहयोग दिया।