चुवाड़ी में खुलेगा सिविल कोर्ट और सीबीएसई स्कूल, भटियात के विकास के लिए 10 करोड़ रुपये की घोषणा
मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने जनसभा में कीं कई बड़ी घोषणाएं, 20 हजार महिलाओं को मिलेगा 1500 रुपये मासिक आर्थिक लाभ

चुवाड़ी /चंबा 03 नवंबर चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने मंगलवार को चंबा जिले के भटियात विधानसभा क्षेत्र के चुवाड़ी में सिविल कोर्ट खोलने तथा क्षेत्र में सीबीएसई से संबद्ध स्कूल स्थापित करने की घोषणा की। इसके अलावा विधानसभा क्षेत्र की विभिन्न सड़क परियोजनाओं के लिए 10 करोड़ रुपये की वित्तीय सहायता देने का ऐलान किया। मुख्यमंत्री चुवाड़ी चौगान में आयोजित विशाल जनसभा को संबोधित कर रहे थे।मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि प्रदेश सरकार अगले माह से ‘मुख्यमंत्री का अपना परिवार सुखी परिवार योजना’ शुरू करेगी। इसके तहत गरीब परिवारों की पात्र महिलाओं को 1500 रुपये प्रतिमाह आर्थिक सहायता, 300 यूनिट मुफ्त बिजली और स्वास्थ्य बीमा कार्ड के माध्यम से निःशुल्क चिकित्सा सुविधा प्रदान की जाएगी। योजना से भटियात क्षेत्र के करीब 10 हजार पात्र परिवारों की 20 हजार महिलाएं लाभान्वित होंगी।उन्होंने कहा कि सरकार ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए कच्ची हल्दी 150 रुपये, गेहूं 80 रुपये और मक्की 50 रुपये प्रति किलोग्राम की दर से न्यूनतम समर्थन मूल्य दे रही है। वहीं गाय के दूध का समर्थन मूल्य 61 रुपये और भैंस के दूध का 71 रुपये प्रति लीटर निर्धारित किया गया है।मुख्यमंत्री ने बताया कि चंबा मेडिकल कॉलेज के सुचारू संचालन के लिए 190 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं तथा यहां 32 स्नातकोत्तर सीटें उपलब्ध करवाई गई हैं।

उन्होंने शिक्षा क्षेत्र में सुधारों का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रदेश में 100 से अधिक स्कूलों को सीबीएसई से संबद्ध किया जा रहा है और 2700 से अधिक शिक्षकों की भर्ती मेरिट के आधार पर की गई है।उन्होंने पूर्व भाजपा सरकार पर वित्तीय और प्रशासनिक मोर्चे पर विफल रहने का आरोप लगाते हुए कहा कि मौजूदा सरकार संसाधन सृजन और भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाकर प्रदेश को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में काम कर रही है।विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने कहा कि वर्तमान सरकार ने भटियात सहित चंबा जिले के सभी विधानसभा क्षेत्रों में संतुलित विकास को गति दी है। उन्होंने क्षेत्र की विभिन्न विकासात्मक मांगें भी मुख्यमंत्री के समक्ष रखीं।इस दौरान सातवें राज्य वित्त आयोग के अध्यक्ष एवं रामपुर के विधायक नंद लाल तथा युवा कांग्रेस नेता चंद्रमणि कुलेठी के निधन पर दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि दी गई। कार्यक्रम में विधायक नीरज नैय्यर, पूर्व मंत्री आशा कुमारी, पूर्व विधायक अजय महाजन, जिला परिषद अध्यक्ष रेखा ठाकुर सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
