चुराह को 60.67 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात, मुख्यमंत्री ने 9 योजनाओं के किए लोकार्पण व शिलान्यास

चुराह को 60.67 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात, मुख्यमंत्री ने 9 योजनाओं के किए लोकार्पण व शिलान्यास

भंजराड़ू में सड़क, पेयजल और आधारभूत सुविधाओं को मिलेगा बढ़ावा, मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने रखीं तीन सड़कों की आधारशिलाएं

तीसा/चंबा 04 नवंबर चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)

मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने अपने चंबा जिला दौरे के दौरान चुराह विधानसभा क्षेत्र के भंजराड़ू में 60.67 करोड़ रुपये की लागत वाली 9 विकासात्मक परियोजनाओं के लोकार्पण एवं शिलान्यास किए। इन परियोजनाओं से चुराह क्षेत्र में सड़क संपर्क, पेयजल आपूर्ति और आधारभूत सुविधाओं को मजबूती मिलने की उम्मीद है।मुख्यमंत्री ने 2.84 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित लोक निर्माण विभाग मंडल कार्यालय भवन तीसा का लोकार्पण किया। इसके अलावा 25.51 करोड़ रुपये की लागत से कियाणी-राजनगर-चकलू-कोटी सड़क के उन्नयन कार्य को जनता को समर्पित किया। उन्होंने ग्राम पंचायत सत्यास के लिए राणिकोट नाला से पेयजल आपूर्ति योजना (2.35 करोड़ रुपये), करेर और चरौड़ी पंचायतों की विभिन्न पेयजल योजनाओं के पुनर्गठन एवं संवर्धन (1.68 करोड़ रुपये) तथा भंजराड़ू और खुशनगरी पंचायतों के अंतर्गत विभिन्न गांवों की पेयजल योजनाओं के लिए अतिरिक्त जल स्रोत उपलब्ध करवाने संबंधी कार्यों (4.58 करोड़ रुपये) का भी लोकार्पण किया।

इसके साथ ही ग्राम पंचायत घुलेई की विभिन्न पेयजल योजनाओं के सुधार एवं संवर्धन पर 2.85 करोड़ रुपये की लागत से किए गए कार्य भी जनता को समर्पित किए।वहीं, मुख्यमंत्री ने क्षेत्र में सड़क संपर्क को बेहतर बनाने के उद्देश्य से तीन महत्वपूर्ण परियोजनाओं की आधारशिलाएं रखीं। इनमें 8.27 करोड़ रुपये की लागत से गांव कैहला के लिए संपर्क सड़क, 5.64 करोड़ रुपये की लागत से गांव टिकरी के लिए संपर्क सड़क तथा 6.94 करोड़ रुपये की लागत से डकाला से कुंडा तक सड़क निर्माण कार्य शामिल हैं।मुख्यमंत्री ने कहा कि इन विकासात्मक परियोजनाओं से चुराह क्षेत्र में बुनियादी ढांचे को सुदृढ़ करने के साथ आम जनता को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। सड़कों के उन्नयन और नए संपर्क मार्गों के निर्माण से वाहनों की आवाजाही सुगम होगी, जबकि पेयजल योजनाओं के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छ एवं नियमित पेयजल उपलब्ध करवाने में सहायता मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!