राजस्थान को बिजली बेचकर हिमाचल को चार माह में मिलेंगे 400 करोड़ रुपये:- मुख्यमंत्री सुक्खू

राजस्थान को बिजली बेचकर हिमाचल को चार माह में मिलेंगे 400 करोड़ रुपये:- मुख्यमंत्री सुक्खू

चुराह के चार सरकारी स्कूल होंगे सीबीएसई से संबद्ध, 15 हजार महिलाओं को मिलेगा योजना का लाभ

चुराह / चम्बा 04 नवंबर चम्बा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)

मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने चंबा जिला के चुराह विधानसभा क्षेत्र के दौरे के दौरान क्षेत्र के विकास को लेकर कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। उन्होंने हिमगिरी, थल्ली, जज्जाकोठी और मारूंड स्थित चार राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालयों को सीबीएसई से संबद्ध करने की घोषणा की। इसके साथ ही विभिन्न पंचायतों में सड़क निर्माण के लिए आवश्यक बजट उपलब्ध करवाने का भी आश्वासन दिया। मुख्यमंत्री भंजराड़ू के कला मंच पर आयोजित विशाल जनसभा को संबोधित कर रहे थे।मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार हिमाचल की आर्थिकी को मजबूत बनाने और राज्य को आत्मनिर्भर बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। इसी दिशा में राजस्थान को 15.50 रुपये प्रति यूनिट की दर से बिजली बेचने का समझौता किया गया है। इससे आगामी चार महीनों में प्रदेश को करीब 400 करोड़ रुपये की आय होगी। उन्होंने कहा कि सरकार ने भ्रष्टाचार के चोर दरवाजे बंद कर प्रदेश के संसाधनों से अधिक राजस्व जुटाने की दिशा में ठोस कदम उठाए हैं।उन्होंने बताया कि वाइल्ड फ्लावर हॉल शिमला मामले में प्रभावी कानूनी पैरवी के बाद प्रदेश सरकार को 401 करोड़ रुपये प्राप्त हुए हैं। अब ई-नीलामी के माध्यम से प्रतिवर्ष लगभग 37 करोड़ रुपये का राजस्व भी मिलेगा। वहीं, 180 मेगावाट की बैरास्यूल जलविद्युत परियोजना के 44 वर्ष पूरे होने के बाद इसमें प्रदेश की निशुल्क बिजली हिस्सेदारी 50 प्रतिशत करने के लिए केंद्र के समक्ष मामला उठाया गया है।मुख्यमंत्री ने ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए सरकार की योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि कच्ची हल्दी का न्यूनतम समर्थन मूल्य 150 रुपये, गेहूं का 80 रुपये और मक्की का 50 रुपये प्रति किलोग्राम निर्धारित किया गया है।

वहीं, गाय के दूध के लिए 61 रुपये और भैंस के दूध के लिए 71 रुपये प्रति लीटर समर्थन मूल्य दिया जा रहा है।शिक्षा क्षेत्र में सुधारों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि प्रदेश में 2700 से अधिक शिक्षकों की भर्ती मेरिट के आधार पर की गई है और 100 से अधिक नए सीबीएसई स्कूल खोलने की योजना है। वर्ष 2021 में शिक्षा गुणवत्ता के मामले में 21वें स्थान पर रहा हिमाचल वर्ष 2025 में पांचवें स्थान पर पहुंच गया है।मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि अगले माह से मुख्यमंत्री का अपना परिवार सुखी परिवार योजना शुरू की जाएगी। इसके तहत पात्र गरीब परिवारों की महिलाओं को 1500 रुपये प्रतिमाह, 300 यूनिट मुफ्त बिजली और स्वास्थ्य बीमा कार्ड के माध्यम से निःशुल्क चिकित्सा सुविधा उपलब्ध करवाई जाएगी। इस योजना से चुराह क्षेत्र की लगभग 15 हजार महिलाएं लाभान्वित होंगी।उन्होंने केंद्र सरकार पर राजस्व घाटा अनुदान बंद करने और आपदा के बाद घोषित 1500 करोड़ रुपये की सहायता राशि जारी न करने का आरोप भी लगाया।इस अवसर पर कांग्रेस महासचिव एवं वरिष्ठ नेता यशवंत खन्ना, विधायक नीरज नैय्यर, पूर्व मंत्री आशा कुमारी, पूर्व विधायक सुरेंद्र भारद्वाज, प्रदेश हज कमेटी अध्यक्ष दिलदार अली भट्ट, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष भूपिंद्र ठाकुर, प्रकाश बटाली, जिला परिषद अध्यक्ष रेखा ठाकुर सहित अन्य गणमान्य उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!