आम जनता के बीच अपनों की तरह पहुंचे मुख्यमंत्री सुक्खू, देहग्रां में राम कृष्ण तिवारी के घर बिताई रात, चखा पारंपरिक पहाड़ी व्यंजनों का स्वाद

आम जनता के बीच अपनों की तरह पहुंचे मुख्यमंत्री सुक्खू, देहग्रां में राम कृष्ण तिवारी के घर बिताई रात, चखा पारंपरिक पहाड़ी व्यंजनों का स्वाद

तीसा/चंबा 05 नवंबर चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस(ब्यूरो)

जिला चंबा के दुर्गम जनजातीय क्षेत्र चुराह के देहग्रां गांव में मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू का अलग ही अंदाज देखने को मिला। ‘सरकार गांव के द्वार’ कार्यक्रम के तहत मुख्यमंत्री ने आम जनता के बीच पहुंचकर न केवल ग्रामीणों से सीधा संवाद किया, बल्कि एक साधारण परिवार के घर रात बिताकर लोगों का दिल भी जीत लिया। मुख्यमंत्री ने गत रात्रि देहग्रां निवासी राम कृष्ण तिवारी के घर रात्रि विश्राम किया और परिवार के सदस्यों के साथ आत्मीयता से समय बिताया।

इस दौरान राम कृष्ण तिवारी के परिवार ने मुख्यमंत्री के स्वागत और उनके भोजन के लिए विशेष रूप से पारंपरिक पहाड़ी व्यंजन तैयार किए। मुख्यमंत्री ने घर में बनी मक्की की रोटी, सरसों का साग और स्थानीय परंपरा से जुड़े गेहूं के लड्डू ‘ऐहण’ का स्वाद चखा। मुख्यमंत्री ने बड़े चाव से पहाड़ी भोजन का आनंद लिया। इस दौरान परिवार के सदस्यों के साथ उनका सहज और अपनापन भरा व्यवहार देखने को मिला।

मुख्यमंत्री के अपने घर में रात्रि प्रवास से अभिभूत राम कृष्ण तिवारी ने कहा कि उन्होंने कभी सपने में भी नहीं सोचा था कि प्रदेश के मुख्यमंत्री उनके छोटे से घर में आएंगे, उनके साथ बैठेंगे और रात गुजारेंगे। यह उनके पूरे परिवार के लिए जीवन का सबसे गौरवशाली और यादगार पल है।

उन्होंने बताया कि इससे पहले किसी मुख्यमंत्री का उनके दूरदराज गांव में आगमन नहीं हुआ था। ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू इस गांव में रात्रि विश्राम करने वाले प्रदेश के पहले मुख्यमंत्री हैं। परिवार के सदस्यों चेतना तिवारी और विनीत तिवारी ने भी मुख्यमंत्री के इस कदम की सराहना की।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री का यह प्रवास उनके परिवार के लिए दिवाली जैसी खुशियां लेकर आया है। मुख्यमंत्री के आम लोगों के बीच इस तरह पहुंचने से पूरे क्षेत्र में उत्साह और खुशी का माहौल है। परिवार ने मुख्यमंत्री का घर पर रात्रि विश्राम करने और उन्हें सम्मान देने के लिए आभार व्यक्त किया। मुख्यमंत्री का यह सादगीपूर्ण प्रवास ग्रामीणों के लिए लंबे समय तक यादगार रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!