राहुल गांधी ने चंद्रमणि कुलेठी के निधन पर जताया शोक, शोक संतप्त परिवार को भेजा संवेदना पत्र

चंबा 07 नवंबर चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने हिमाचल प्रदेश यूथ कांग्रेस के पूर्व उपाध्यक्ष स्वर्गीय चंद्रमणि कुलेठी के असामयिक निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने दिवंगत चंद्रमणि कुलेठी के पिता धर्म चन्द कुलेठी को शोक संवेदना पत्र भेजकर शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं प्रकट की हैं।इसी कड़ी में जिला कांग्रेस कमेटी चंबा के अध्यक्ष एडवोकेट सुरजीत शर्मा भरमौरी कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ स्वर्गीय चंद्रमणि कुलेठी के निवास स्थान पर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने राहुल गांधी की ओर से भेजा गया संवेदना पत्र उनके पिता धर्म चन्द कुलेठी, माता आशा देवी और धर्मपत्नी कोमल को सौंपा। उन्होंने परिवार के सदस्यों से मुलाकात कर इस कठिन समय में उनके प्रति गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं।राहुल गांधी ने अपने पत्र में लिखा कि चंद्रमणि कुलेठी के असामयिक निधन का समाचार सुनकर उनका हृदय अत्यंत व्यथित है।

उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश यूथ कांग्रेस के उपाध्यक्ष के रूप में चंद्रमणि कुलेठी ने अपनी निष्ठा, समर्पण और जनसेवा की भावना से युवा कार्यकर्ताओं के बीच विशेष पहचान बनाई थी। पार्टी के प्रति उनकी सक्रियता और प्रतिबद्धता हमेशा याद रखी जाएगी।उन्होंने कहा कि चंद्रमणि कुलेठी का निधन न केवल परिवार, बल्कि पूरे कांग्रेस संगठन के लिए अपूरणीय क्षति है।इस अवसर पर एडवोकेट सुरजीत शर्मा भरमौरी ने कहा कि चंद्रमणि कुलेठी का असमय निधन कांग्रेस परिवार के लिए गहरा आघात है। संगठन के प्रति उनकी मेहनत, निष्ठा और समर्पण को हमेशा याद किया जाएगा। उन्होंने शोक संतप्त परिवार को आश्वस्त किया कि इस दुःख की घड़ी में पूरा कांग्रेस परिवार उनके साथ खड़ा है। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति तथा परिजनों को इस असहनीय दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।
