जिला परिषद अध्यक्ष रेखा ठाकुर ने उपायुक्त मुकेश रेप्सवाल से की शिष्टाचार भेंट, क्षेत्र की समस्याओं कोउठाया बुनियादी सुविधाओं से जुड़े मुद्दों पर की चर्चा, उपायुक्त ने शीघ्र समाधान का दिया आश्वासन
बुनियादी सुविधाओं से जुड़े मुद्दों पर की चर्चा, उपायुक्त ने शीघ्र समाधान का दिया आश्वासन

चम्बा 11 नवंबर चम्बा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)
जिला परिषद अध्यक्ष रेखा ठाकुर ने आज उपायुक्त मुकेश रेप्सवाल से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान उन्होंने अपने क्षेत्र से जुड़ी विभिन्न समस्याओं और जनहित के मुद्दों को उपायुक्त के समक्ष प्रमुखता से उठाया। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को पेश आ रही परेशानियों से अवगत करवाते हुए संबंधित समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की।भेंट के दौरान रेखा ठाकुर ने क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं की उपलब्धता से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों का समुचित विकास तभी संभव है, जब वहां रहने वाले लोगों को सड़क, पेयजल, बिजली सहित अन्य आवश्यक मूलभूत सुविधाएं समय पर उपलब्ध हों।

कई बार सुविधाओं के अभाव में ग्रामीणों को रोजमर्रा के कार्यों के लिए भी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। ऐसे में संबंधित विभागों के माध्यम से समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाना आवश्यक है।उन्होंने उपायुक्त से आग्रह किया कि क्षेत्र के लोगों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए जाएं, ताकि विकास कार्यों में तेजी लाने के साथ-साथ आम जनता को राहत मिल सके। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधि होने के नाते ग्रामीणों की समस्याओं को प्रशासन तक पहुंचाना और उनके समाधान के लिए प्रयास करना उनकी प्राथमिकता है।

वहीं, उपायुक्त मुकेश रेप्सवाल ने जिला परिषद अध्यक्ष द्वारा उठाए गए विभिन्न मुद्दों को गंभीरता से सुना। उन्होंने आश्वस्त किया कि संबंधित समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे और जनहित से जुड़े मामलों को प्राथमिकता दी जाएगी।इस शिष्टाचार भेंट के दौरान क्षेत्र के विकास और ग्रामीणों को बेहतर बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध करवाने को लेकर सकारात्मक चर्चा हुई।
