चम्बा के 12 सरकारी स्कूलों की बदलेगी सूरत, मरम्मत और पुनर्निर्माण के लिए जारी हुए 2.12 करोड़ रुपये

चम्बा 12 नवंबर चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)
आपदा से क्षतिग्रस्त चम्बा जिले के 12 सरकारी स्कूलों के भवनों की मरम्मत और पुनर्निर्माण का रास्ता साफ हो गया है। शिक्षा विभाग ने इन स्कूलों में आवश्यक मरम्मत कार्य करवाने के लिए 2 करोड़ 12 लाख रुपये की राशि लोक निर्माण विभाग के खाते में जमा करवा दी है। अब लोक निर्माण विभाग के माध्यम से क्षतिग्रस्त भवनों को दुरुस्त करने का कार्य शुरू किया जाएगा। इससे लंबे समय से मरम्मत की प्रतीक्षा कर रहे स्कूल भवनों को राहत मिलेगी और विद्यार्थियों को सुरक्षित वातावरण में पढ़ाई करने की सुविधा उपलब्ध हो सकेगी।

जानकारी के अनुसार शिक्षा विभाग ने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बाट, अवाहं, गरगंड, थनेई, जसौरगढ़, कल्हेल और डांड के लिए 12.50-12.50 लाख रुपये जारी किए हैं। वहीं, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला चनेड़, कड़ेड, साहला, पीएमश्री थल्ली और ऑयल स्कूल के लिए 25-25 लाख रुपये की राशि स्वीकृत की गई है। विभाग की ओर से यह बजट ई-चालान के माध्यम से लोक निर्माण विभाग के खाते में जमा करवाया गया है, ताकि संबंधित स्कूलों में मरम्मत और पुनर्निर्माण के कार्यों को शीघ्र गति दी जा सके।

शिक्षा विभाग ने संबंधित स्कूलों के प्रधानाचार्यों को निर्देश दिए हैं कि वे लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंताओं के साथ समन्वय स्थापित कर मरम्मत कार्य जल्द शुरू करवाएं। इसके अलावा कार्य शुरू होने से पहले और पूरा होने के बाद क्षतिग्रस्त भवनों और मरम्मत किए गए हिस्सों की जियो-टैग तस्वीरें लेना अनिवार्य किया गया है। इन तस्वीरों में नुकसान की वास्तविक स्थिति और संबंधित स्थल की भौगोलिक स्थिति स्पष्ट होनी चाहिए। विभाग ने निर्देशों की अवहेलना और कार्य में लापरवाही बरतने पर कार्रवाई की चेतावनी भी दी है।उच्च शिक्षा उपनिदेशक चम्बा विकास महाजन ने बताया कि आपदा प्रभावित 12 स्कूलों की मरम्मत के लिए बजट जारी कर दिया गया है।

लोक निर्माण विभाग के माध्यम से सभी कार्य करवाए जाएंगे। इस संबंध में संबंधित स्कूलों के प्रधानाचार्यों को आवश्यक निर्देश भी जारी कर दिए गए हैं।