चम्बा में प्राकृतिक खेती से उत्पादित मक्की की सरकारी खरीद शुरू, किसानों को मिलेगा 50 रुपये प्रति किलो समर्थन मूल्य

चम्बा 16 नवंबर चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)

जिला चम्बा में प्राकृतिक खेती से उत्पादित मक्की की सरकारी खरीद प्रक्रिया सोमवार को शुरू हो गई। इस अवसर पर एपीएमसी चम्बा के अध्यक्ष ललित ठाकुर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने खरीद प्रक्रिया का शुभारंभ करते हुए प्रदेश सरकार की इस पहल को किसानों के हित में महत्वपूर्ण कदम बताया।ललित ठाकुर ने मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार ने प्राकृतिक खेती से उत्पादित मक्की का समर्थन मूल्य 50 रुपये प्रति किलोग्राम निर्धारित कर किसानों को बड़ी राहत दी है। उन्होंने बताया कि जिला चम्बा में लगभग 21,850 किसान प्राकृतिक खेती के लिए पंजीकृत हैं तथा 4,529 हेक्टेयर भूमि पर प्राकृतिक खेती की जा रही है।

उन्होंने किसानों से प्राकृतिक खेती अपनाने की अपील की।परियोजना निदेशक आत्मा नितिन कुमार शर्मा ने बताया कि खरीद प्रक्रिया के पहले दिन प्राकृतिक उत्पाद खरीद केंद्र बालू में 37 किसानों से कुल 35 क्विंटल मक्की खरीदी गई। प्रथम चरण में चम्बा विकास खंड के किसानों से मक्की की खरीद की जा रही है। इसके लिए बालू, बनीखेत और चुवाड़ी (भटियात) में खरीद केंद्र निर्धारित किए गए हैं। उन्होंने बताया कि उपायुक्त मुकेश रेपसवाल के निर्देशानुसार चौगान नंबर-2 में प्रत्येक सोमवार और वीरवार को सुबह 11 बजे प्राकृतिक उत्पादों की मंडी भी लगाई जा रही है।उप परियोजना निदेशक आत्मा डॉ. शिवानी राणा ने बताया कि इस वर्ष मक्की का समर्थन मूल्य 40 रुपये से बढ़ाकर 50 रुपये प्रति किलोग्राम किया गया है।

इसके अलावा पांगी के जौ और गेहूं का समर्थन मूल्य 80 रुपये, अदरक का 40 रुपये तथा कच्ची हल्दी का 150 रुपये प्रति किलोग्राम निर्धारित किया गया है। इस वर्ष केवल पारंपरिक बीजों से उत्पादित मक्की ही खरीदी जा रही है। खरीद प्रक्रिया 15 से 20 दिनों में पूरी करने का लक्ष्य रखा गया है।इस मौके पर किसानों ने मक्की का उचित मूल्य मिलने पर प्रदेश सरकार का आभार जताया। उन्होंने कहा कि पहले मक्की 15 से 25 रुपये प्रति किलो बिकती थी, जबकि अब सरकारी खरीद के माध्यम से 50 रुपये प्रति किलो मिल रहे हैं। इससे किसानों को आर्थिक लाभ मिलने के साथ प्राकृतिक खेती के प्रति भी प्रोत्साहन मिलेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!