
चम्बा 17 नवंबर चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)
अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के उपलक्ष्य में स्वास्थ्य विभाग चम्बा की ओर से शकुंतला मेमोरियल नर्सिंग कॉलेज, भद्राम में नर्सिंग प्रशिक्षुओं के लिए जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। मुख्य चिकित्सा अधिकारी चम्बा डॉ. जालम भारद्वाज के दिशा-निर्देशों के तहत आयोजित इस शिविर का मुख्य उद्देश्य प्रशिक्षुओं को वृद्धजनों के स्वास्थ्य, देखभाल, अधिकारों और सामाजिक सुरक्षा के प्रति जागरूक करना रहा।शिविर के दौरान स्वास्थ्य विभाग के कार्यक्रम अधिकारी डॉ. सुहैल ने पावर प्वाइंट प्रेजेंटेशन (PPT) के माध्यम से नर्सिंग प्रशिक्षुओं को वृद्धावस्था में होने वाली विभिन्न शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि उम्र बढ़ने के साथ बुजुर्गों को कई तरह की स्वास्थ्य चुनौतियों का सामना करना पड़ता है। ऐसे में उनकी नियमित स्वास्थ्य जांच, संतुलित एवं पौष्टिक आहार, नियमित व्यायाम और उचित देखभाल बेहद जरूरी है।उन्होंने कहा कि वृद्धजन समाज का अभिन्न अंग हैं और उनके जीवनभर के अनुभव, ज्ञान तथा योगदान का सम्मान करना प्रत्येक व्यक्ति का नैतिक दायित्व है। बुजुर्गों को केवल स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उन्हें परिवार और समाज में सम्मान, सुरक्षा तथा भावनात्मक सहयोग मिलना भी आवश्यक है।डॉ. सुहैल ने नर्सिंग प्रशिक्षुओं को भविष्य में स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करते समय वृद्धजनों की विशेष जरूरतों को समझने तथा उनके प्रति संवेदनशील, सहयोगात्मक और सम्मानजनक व्यवहार अपनाने के लिए प्रेरित किया।

उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं में बुजुर्गों के प्रति मानवीय दृष्टिकोण अपनाना उनकी बेहतर देखभाल सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. जालम भारद्वाज ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग का प्रयास है कि आम जनता के साथ-साथ युवाओं और स्वास्थ्य कर्मियों को भी वृद्धजनों के स्वास्थ्य एवं अधिकारों के प्रति जागरूक किया जाए। उन्होंने कहा कि ऐसे जागरूकता कार्यक्रमों से समाज में बुजुर्गों के प्रति सम्मान की भावना मजबूत होगी और उन्हें बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं के साथ सम्मानजनक जीवन उपलब्ध करवाने में मदद मिलेगी।