हिमाचल के तीन सरकारी अस्पतालों में चार साल में महिलाओं के हुए 3092 गर्भाशय निकालने के ऑपरेशन, नहीं हुआ एक भी पुरुष बच्चेदानी का ऑपरेशन आरटीआई से बड़ा खुलासा

शिमला 20 नवंबर चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)
हिमाचल प्रदेश के तीन प्रमुख सरकारी चिकित्सा संस्थानों में वर्ष 2019 से 2022 के बीच महिलाओं के गर्भाशय निकालने (हिस्टरेक्टॉमी) के कुल 3092 ऑपरेशन किए गए। वहीं, पुरुष मरीजों पर इस प्रकार का एक भी ऑपरेशन नहीं किया गया। सूचना का अधिकार (आरटीआई) अधिनियम के तहत मांगी गई जानकारी के जवाब में यह आंकड़े सामने आए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आरटीआई के माध्यम से इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज (आईजीएमसी) शिमला, कमला नेहरू राज्य अस्पताल (केएनएच) और डॉ. राजेंद्र प्रसाद राजकीय मेडिकल कॉलेज टांडा से वर्ष 2019 से 2022 तक किए गए हिस्टरेक्टॉमी ऑपरेशनों का विवरण मांगा गया था। इसके तहत संबंधित अस्पतालों से महिलाओं के गर्भाशय निकालने के ऑपरेशनों की कुल संख्या, पुरुष मरीजों पर किए गए ऐसे ऑपरेशनों का वर्षवार विवरण तथा संबंधित रिकॉर्ड की प्रतियां उपलब्ध करवाने का आग्रह किया गया था।

तीनों चिकित्सा संस्थानों से प्राप्त आरटीआई जवाब के मुताबिक, चार वर्षों के दौरान किसी भी अस्पताल में पुरुष मरीज पर हिस्टरेक्टॉमी का ऑपरेशन दर्ज नहीं किया गया। वहीं, महिलाओं के गर्भाशय निकालने के ऑपरेशनों के आंकड़ों में अस्पतालों के बीच काफी अंतर देखने को मिला।
आंकड़ों के अनुसार, आईजीएमसी शिमला में इस अवधि के दौरान 11 महिलाओं के गर्भाशय निकालने के ऑपरेशन किए गए। वहीं, कमला नेहरू राज्य अस्पताल में 2633 और डॉ. राजेंद्र प्रसाद मेडिकल कॉलेज टांडा में 488 महिलाओं की हिस्टरेक्टॉमी की गई। इस प्रकार तीनों संस्थानों में कुल 3092 ऑपरेशन हुए।
आरटीआई के माध्यम से सामने आए ये आंकड़े प्रदेश के सरकारी चिकित्सा संस्थानों में महिलाओं के प्रजनन स्वास्थ्य से जुड़ी चिकित्सा प्रक्रियाओं की स्थिति को समझने के लिहाज से महत्वपूर्ण हैं। हालांकि, केवल इन आंकड़ों के आधार पर ऑपरेशनों की आवश्यकता, कारणों या औचित्य को लेकर कोई निष्कर्ष नहीं निकाला जा सकता।