चुराह क्षेत्र में 1 किलो 318 ग्राम चरस के साथ 44 वर्षीय व्यक्ति गिरफ्तार

चंबा 20 नवंबर चम्बा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)
चंबा 20 नवंबर चम्बा न्यूज़ एक्सप्रेस ( ब्यूरो)
जिला चंबा में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में स्पेशल इन्वेस्टिगेशन यूनिट (एसआईयू) की टीम ने लगातार . दूसरे दिन चुराह क्षेत्र में एक व्यक्ति को 1 किलो 318 ग्राम चरस के साथ पकड़ने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है तथा मामले में आगामी जांच जारी है।पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार एसआईयू की टीम ने नियमित गश्त एवं नशा तस्करी पर निगरानी के दौरान हिमगिरी-नकरोड़-तीसा मुख्य सड़क पर खखड़ी डैम के समीप कार्रवाई की।

इस दौरान टीम ने 44 वर्षीय जय सिंह पुत्र पूर्ण निवासी गांव दुदरा, डाकघर गनेड़, तहसील चुराह, जिला चंबा की तलाशी ली। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 1 किलो 318 ग्राम चरस बरामद हुई। पुलिस ने बरामद चरस को कब्जे में लेकर आरोपी के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई शुरू कर दी है।इस कार्रवाई को एसआईयू के इंस्पेक्टर गगन के नेतृत्व में अंजाम दिया गया। टीम में हेड कांस्टेबल योगराज सहित अन्य पुलिस कर्मचारी शामिल रहे। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि आरोपी चरस कहां से लेकर आया था और इसकी आपूर्ति कहां की जानी थी। साथ ही नशे के इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की संभावित संलिप्तता को लेकर भी जांच की जा रही है।

पुलिस अधीक्षक चंबा विजय कुमार सकलानी ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि जिला पुलिस नशा तस्करों पर लगातार नजर बनाए हुए है। नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाने और नशा तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस का अभियान भविष्य में भी पूरी सख्ती के साथ जारी रहेगा।