स्थानीय निधि लेखा समिति की बैठक की तैयारियों को लेकर डीसी ने दिए निर्देश, तीन साल का हिसाब देना होगा

स्थानीय निधि लेखा समिति की बैठक की तैयारियों को लेकर डीसी ने दिए निर्देश, तीन साल का हिसाब देना होगा

शिमला, 20 नवंबर चंबल न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)

उपायुक्त शिमला अनुपम कश्यप की अध्यक्षता में शुक्रवार को जिला के विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ आंतरिक बैठक आयोजित की गई। बैठक में 27 नवंबर, 2026 को होने वाली स्थानीय निधि लेखा समिति की बैठक की तैयारियों की समीक्षा की गई। इस दौरान उपायुक्त ने सभी विभागों को आवश्यक दस्तावेज, वित्तीय विवरण और विकास कार्यों की अद्यतन प्रगति रिपोर्ट समय रहते तैयार करने के निर्देश दिए।उपायुक्त ने कहा कि स्थानीय निधि लेखा समिति की बैठक सरकारी धन के उपयोग में पारदर्शिता, वित्तीय अनुशासन और जवाबदेही सुनिश्चित करने का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी संबंधित अधिकारी समिति की बैठक में स्वयं उपस्थित रहें और विभागों से जुड़े प्रत्येक विषय पर प्रमाणिक जानकारी एवं आवश्यक स्पष्टीकरण प्रस्तुत करें।बैठक में बताया गया कि स्थानीय निधि लेखा समिति की पिछली बैठक वर्ष 2023 में आयोजित हुई थी।

ऐसे में अधिकारियों को पिछले तीन वर्षों के दौरान करवाए गए विकास कार्यों, विभागों को आवंटित बजट, कुल व्यय, शेष धनराशि और वर्तमान वित्तीय स्थिति का पूरा ब्यौरा तैयार रखने को कहा गया। इसके अतिरिक्त विभिन्न योजनाओं के तहत प्राप्त निधियों के मदवार एवं योजनावार खर्च का विवरण भी प्रस्तुत करना होगा उपायुक्त ने स्थानीय लेखा परीक्षा और महालेखाकार कार्यालय की ओर से उठाई गई ऑडिट आपत्तियों पर की गई कार्रवाई का विस्तृत विवरण तैयार करने के निर्देश दिए। लंबित ऑडिट पैरा के निस्तारण की स्थिति भी स्पष्ट करने को कहा। उन्होंने सभी विभागों को समिति की बैठक से पहले आंतरिक समीक्षा कर अभिलेखों और कार्रवाई रिपोर्ट का मिलान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।इसके अलावा विभागों को राजस्व में हुई वृद्धि या कमी का तुलनात्मक विवरण तथा विभिन्न योजनाओं के तहत निर्मित भवनों और अन्य अधोसंरचनात्मक परिसंपत्तियों की वर्तमान स्थिति एवं उपयोगिता की जानकारी देने को कहा गया।

उपायुक्त अनुपम कश्यप ने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य केवल बजट खर्च करना नहीं, बल्कि सरकारी धन से जनहित में ठोस परिणाम सुनिश्चित करना है। पारदर्शिता, जवाबदेही और समयबद्ध कार्रवाई से ही सुशासन तथा व्यवस्था परिवर्तन के लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है।बैठक में अतिरिक्त उपायुक्त सचिन शर्मा, एडीएम (प्रोटोकॉल) ज्ञान सागर नेगी, एडीएम (कानून एवं व्यवस्था) पंकज शर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!