ढगवार दुग्ध प्रसंस्करण संयंत्र का जनवरी 2027 में होगा लोकार्पण, चार जिलों के हजारों किसानों को मिलेगा लाभ

कांगड़ा 21 नवंबर चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने कांगड़ा जिले के ढगवार में लगभग 300 करोड़ रुपये की लागत से निर्माणाधीन अत्याधुनिक दुग्ध प्रसंस्करण संयंत्र का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को कार्य में तेजी लाने तथा परियोजना को निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि इस संयंत्र का लोकार्पण जनवरी 2027 में किया जाएगा।इसके उपरांत आयोजित समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि इस संयंत्र की प्रतिदिन 1.5 लाख लीटर दूध प्रसंस्करण करने की क्षमता होगी। इससे कांगड़ा, ऊना, चंबा और हमीरपुर जिलों के हजारों दुग्ध उत्पादक किसानों को सीधा लाभ मिलेगा। परियोजना से किसानों की आय में वृद्धि होने के साथ ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों और पशुपालकों की आर्थिक स्थिति सुधारने तथा उनकी उपज का उचित मूल्य सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है। संयंत्र में मोजरेला चीज, पनीर, दही, घी और मक्खन सहित विभिन्न उच्च गुणवत्ता वाले दुग्ध उत्पाद तैयार किए जाएंगे, जिन्हें ‘हिम’ ब्रांड के तहत बाजार में उतारा जाएगा।

उन्होंने बताया कि परियोजना का परीक्षण कार्य जारी है और जल्द ही उत्पादन शुरू कर दिया जाएगा।उन्होंने अधिकारियों को दुग्ध सहकारी समितियों के पंजीकरण में तेजी लाने और अधिक से अधिक किसानों को इनसे जोड़ने के निर्देश दिए, ताकि संयंत्र के लिए पर्याप्त दूध उपलब्ध हो सके। संयंत्र के डिजिटलीकरण के लिए सरकार 1.25 करोड़ रुपये तथा इसके प्रभावी संचालन के लिए 29.49 करोड़ रुपये की कार्यशील पूंजी उपलब्ध करवाएगी।मुख्यमंत्री ने कहा कि यह परियोजना दुग्ध क्षेत्र को नई दिशा देने के साथ रोजगार और आर्थिक विकास के नए अवसर भी सृजित करेगी। इस अवसर पर कृषि मंत्री प्रो. चंद्र कुमार, आयुष मंत्री यादविंद्र गोमा, सांसद अनुराग शर्मा, उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया सहित कई जनप्रतिनिधि, मिल्कफेड एवं एनडीडीबी के अधिकारी उपस्थित रहे।