प्राकृतिक मक्का की सरकारी खरीद में पांच गुना से अधिक वृद्धि, 50 रुपये किलो एमएसपी मिलने से किसानों में खुशी

प्राकृतिक मक्का की सरकारी खरीद में पांच गुना से अधिक वृद्धि, 50 रुपये किलो एमएसपी मिलने से किसानों में खुशी

बिलासपुर, 22 नवंबर चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)

प्रदेश सरकार द्वारा प्राकृतिक खेती से उत्पादित मक्का का न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) 40 रुपये से बढ़ाकर 50 रुपये प्रति किलोग्राम किए जाने से जिला बिलासपुर के किसानों में उत्साह है। सरकार के इस फैसले से किसानों की आमदनी बढ़ने के साथ प्राकृतिक खेती को भी बढ़ावा मिल रहा है। कृषि प्रौद्योगिकी प्रबंधन एजेंसी (आत्मा) के माध्यम से घुमारवीं और बिलासपुर में मक्का की सरकारी खरीद की जा रही है।जिला के विभिन्न क्षेत्रों के किसानों रतन लाल, अखिल शर्मा, कृष्ण लाल, मंगल सिंह, राम लाल और किशोर कुमार ने बताया कि वे पिछले तीन से आठ वर्षों से प्राकृतिक खेती कर रहे हैं।

पहले उन्हें अपनी उपज के उचित दाम नहीं मिलते थे और मक्का 20 से 25 रुपये प्रति किलो तक ही बिक पाता था। अब सरकार द्वारा 50 रुपये प्रति किलो एमएसपी निर्धारित किए जाने से उन्हें बेहतर आमदनी मिल रही है। किसानों ने मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू का आभार जताते हुए कहा कि इस फैसले से प्राकृतिक खेती के प्रति किसानों का रुझान बढ़ा है।किसानों ने कहा कि गेहूं के लिए 80 रुपये, हल्दी के लिए 150 रुपये और अदरक के लिए 40 रुपये प्रति किलोग्राम एमएसपी निर्धारित करना भी सराहनीय कदम है।

97 किसानों से 274.12 क्विंटल मक्का की खरीद

जिला परियोजना निदेशक आत्मा रितेश गुप्ता के अनुसार, इस वर्ष अब तक जिला में 97 किसानों से 274.12 क्विंटल प्राकृतिक मक्का खरीदा जा चुका है, जबकि पिछले वर्ष 32 किसानों से लगभग 50 क्विंटल खरीद हुई थी। इस तरह खरीद में पांच गुना से अधिक वृद्धि दर्ज की गई है। किसानों की सुविधा के लिए निहाल स्थित सिविल सप्लाई गोदाम और घुमारवीं के पट्टा में खरीद केंद्र स्थापित किए गए हैं।उपायुक्त किरण भड़ाना ने बताया कि जिला में करीब आठ हजार किसान प्राकृतिक खेती से जुड़ चुके हैं और तीन हजार हेक्टेयर भूमि इसके तहत लाई गई है। प्रशासन का प्रयास है कि अधिक से अधिक किसानों को प्राकृतिक खेती से जोड़कर उनकी आय और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत किया जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!