ग्राम गुवार में विधिक जागरूकता शिविर आयोजित, ग्रामीणों को दी निःशुल्क कानूनी सहायता योजनाओं की जानकारी
मेगा ड्राइव फेज-II के तहत जिला विधिक सेवा प्राधिकरण चम्बा की पहल, पात्र लोगों को उनके कानूनी अधिकारों एवं सरकारी योजनाओं के प्रति किया जागरूक

चम्बा 26. नवंबर चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण चम्बा की ओर से राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (NALSA) के निर्देशानुसार संचालित मेगा ड्राइव फेज-II के अंतर्गत ग्राम गुवार में विधिक जागरूकता एवं जनसंपर्क शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण एवं दूरदराज के क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को उनके कानूनी अधिकारों, निःशुल्क विधिक सहायता तथा सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के प्रति जागरूक करना रहा।
इस अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण चम्बा के सचिव एकांश कपिल ने विशेष रूप से उपस्थित होकर ग्रामीणों को संबोधित किया। उन्होंने राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण तथा राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से संचालित विभिन्न विधिक सहायता एवं कल्याणकारी योजनाओं की विस्तारपूर्वक जानकारी दी। उन्होंने बताया कि समाज के जरूरतमंद, गरीब एवं वंचित वर्गों को न्याय तक समान पहुंच उपलब्ध करवाना विधिक सेवा प्राधिकरण का प्रमुख उद्देश्य है।

उन्होंने ग्रामीणों को निःशुल्क विधिक सहायता प्राप्त करने की प्रक्रिया, इसके लिए निर्धारित पात्रता तथा पात्र व्यक्तियों को मिलने वाली सुविधाओं के बारे में भी अवगत करवाया। उन्होंने कहा कि कई बार जानकारी और जागरूकता के अभाव में लोग अपने कानूनी अधिकारों एवं सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित रह जाते हैं। ऐसे में इस तरह के जागरूकता शिविर महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
शिविर के दौरान अधिकारियों ने ग्रामीणों से सीधा संवाद स्थापित किया तथा उनकी समस्याओं और आवश्यकताओं को सुना। साथ ही पात्र लोगों को विभिन्न सरकारी एवं विधिक सहायता योजनाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया गया।
उल्लेखनीय है कि मेगा ड्राइव फेज-II के तहत जिला विधिक सेवा प्राधिकरण चम्बा द्वारा ग्राम गुवार में पहले से ही निरंतर जनसंपर्क एवं घर-घर जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है, ताकि प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक विधिक सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित हो सके।