चंबा चप्पल को वैश्विक पहचान दिलाने के लिए कारीगरों को दिया प्रशिक्षण, आधुनिक डिजाइन और ब्रांडिंग पर जोर

चंबा चप्पल को वैश्विक पहचान दिलाने के लिए कारीगरों को दिया प्रशिक्षण, आधुनिक डिजाइन और ब्रांडिंग पर जोर

चंबा 26 नवंबर चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)

उद्योग विभाग, हिमाचल प्रदेश सरकार की ओर से रैंप (Raising and Accelerating MSME Performance) कार्यक्रम के तहत 25 और 26 नवंबर को चंबा में पारंपरिक चंबा चप्पल के कारीगरों एवं उद्यमियों के लिए दो दिवसीय प्रोडक्ट डिजाइन एवं डेवलपमेंट प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें कारीगरों को पारंपरिक कला को आधुनिक बाजार की मांग के अनुरूप विकसित करने और अपने उत्पादों को नई पहचान दिलाने के गुर सिखाए गए।प्रशिक्षण के पहले दिन 45 वर्षों का अनुभव रखने वाले प्रशिक्षक विश्वजीत ने कारीगरों को संबोधित करते हुए कहा कि राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजार में प्रतिस्पर्धा करने के लिए मजबूत ब्रांड तैयार करना बेहद जरूरी है। उन्होंने चंबा चप्पल को प्राप्त जीआई (GI) टैग के महत्व और इससे मिलने वाले लाभों की जानकारी देते हुए कहा कि इस पारंपरिक शिल्प को वैश्विक स्तर पर पहचान दिलाने के लिए सभी कारीगरों को एकजुट होकर प्रयास करने होंगे।

उन्होंने कहा कि कारीगरों को केवल पारंपरिक डिजाइनों तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि बदलते फैशन ट्रेंड के अनुसार नए डिजाइन, आधुनिक रंगों और आरामदायक सोल के प्रयोग पर भी ध्यान देना चाहिए। इसके साथ ही अपने उत्पादों को डिजिटल प्लेटफॉर्म और ई-कॉमर्स के माध्यम से बाजार तक पहुंचाने की दिशा में भी कदम उठाने की आवश्यकता है।प्रशिक्षण के दूसरे दिन विश्वजीत सहित अन्य प्रशिक्षकों ने प्रतिभागियों को एमएसएमई योजनाओं, सरकारी वित्तीय सहायता और कच्चे माल की गुणवत्ता में सुधार से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां दीं। उन्होंने उत्पादों की बेहतर पैकेजिंग, आकर्षक प्रस्तुति, सटीक फिनिशिंग और प्रभावी ब्रांडिंग को व्यवसाय की सफलता के लिए अहम बताया।दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम के माध्यम से चंबा चप्पल निर्माण से जुड़े कारीगरों को उत्पादों की गुणवत्ता बढ़ाने, नए बाजार तलाशने और पारंपरिक शिल्प को आधुनिक व्यावसायिक स्वरूप देने की दिशा में महत्वपूर्ण जानकारी मिली। इससे चंबा की प्रसिद्ध पारंपरिक चप्पल को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय बाजार में नई पहचान दिलाने की उम्मीद जगी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!