डलहौजी में चलती स्कूल बस का अचानक खुला दरवाजा, 18 वर्षीय परिचालक सड़क पर गिरकर घायल

डलहौजी में चलती स्कूल बस का अचानक खुला दरवाजा, 18 वर्षीय परिचालक सड़क पर गिरकर घायल

बस में सवार थे स्कूली बच्चे, गनीमत रही कि बड़ा हादसा टला; स्कूल बसों की सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

डलहौजी/चंबा 26 नवंबर चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)

हिमाचल प्रदेश के चंबा जिला की पर्यटन नगरी डलहौजी में एक निजी स्कूल बस में बड़ा हादसा होते-होते टल गया। चलती स्कूल बस का अचानक दरवाजा खुलने से उसे बंद करने की कोशिश कर रहा 18 वर्षीय परिचालक संतुलन बिगड़ने के कारण सड़क पर जा गिरा। हादसे में परिचालक घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए सिविल अस्पताल डलहौजी पहुंचाया गया। गनीमत रही कि घटना के दौरान बस में स्कूली बच्चे भी सवार थे, लेकिन किसी बच्चे को चोट नहीं आई।जानकारी के अनुसार निजी स्कूल की बस बच्चों को लेकर स्कूल से बनीखेत की ओर जा रही थी। इसी दौरान डलहौजी बस स्टैंड के समीप स्वागत गेट के पास बस चालक ने जैसे ही मोड़ काटा, अचानक बस का दरवाजा खुल गया। दरवाजा खुलता देख बस में मौजूद परिचालक ने उसे बंद करने का प्रयास किया, लेकिन इसी दौरान उसका संतुलन बिगड़ गया और वह चलती बस से सीधे सड़क पर जा गिरा।

हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत घायल परिचालक को संभाला और उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया।घायल की पहचान 18 वर्षीय ईशान कुमार पुत्र ओम प्रकाश, निवासी गांव मलुड़ा के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लेकर मामले की जांच शुरू कर दी। बस चालक के अनुसार अचानक दरवाजा खुलने के कारण यह हादसा हुआ। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि चलते वाहन में दरवाजा अचानक कैसे खुला और क्या इसके पीछे कोई तकनीकी खराबी थी।इस घटना ने स्कूली बच्चों की सुरक्षा और स्कूल बसों की फिटनेस व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। बच्चों को लेकर चलने वाली बसों के दरवाजों और लॉकिंग सिस्टम की नियमित जांच कितनी जरूरी है, यह हादसा इसका उदाहरण है। यदि परिचालक की जगह कोई बच्चा दरवाजे के पास होता तो परिणाम गंभीर हो सकते थे। ऐसे में संबंधित विभागों को स्कूल बसों की फिटनेस, दरवाजों, लॉकिंग सिस्टम और अन्य सुरक्षा उपकरणों की नियमित जांच सुनिश्चित करनी चाहिए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!