चंबा में कल 29 नवंबर को होगा ‘फिट इंडिया संडेज़ ऑन साइकिल’ का 100वां ऐतिहासिक संस्करण
मिलेनियम गेट से सुबह 7 बजे निकलेगी साइकिल रैली, युवाओं और आम नागरिकों से भाग लेने की अपील

चंबा 28 नवंबर चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)
युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार, फिट इंडिया मूवमेंट, भारतीय खेल प्राधिकरण (SAI) तथा भारतीय ओलंपिक संघ (IOA) के संयुक्त तत्वावधान में रविवार, 29 नवंबर को देशभर में ‘फिट इंडिया संडेज़ ऑन साइकिल’ के 100वें ऐतिहासिक संस्करण का आयोजन किया जाएगा। इस विशेष अवसर पर MY भारत चंबा की ओर से भी मिलेनियम गेट चंबा में साइकिल रैली आयोजित की जाएगी।कार्यक्रम सुबह 7 बजे शुरू होगा। इसमें जिले के युवाओं, विद्यार्थियों, खेल प्रेमियों, फिटनेस के प्रति जागरूक नागरिकों और आम जनता की भागीदारी रहेगी। सामूहिक साइकिल रैली के साथ विभिन्न फिटनेस गतिविधियां भी आयोजित की जाएंगी।

देशभर के 100 प्रतिष्ठित स्थानों पर होने वाले इस विशेष आयोजन का नेतृत्व केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल तथा श्रम एवं रोजगार मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया पुणे के पिंपरी-चिंचवड़ से करेंगे।इस वर्ष अभियान का 100वां संस्करण ओलंपिक के मूल्यों उत्कृष्टता, सम्मान और मैत्री को समर्पित है। कार्यक्रम की थीम ‘Pedalling Towards India’s Olympic Dream’ यानी ‘भारत के ओलंपिक सपने की ओर साइकिल यात्रा’ रखी गई है।

दिसंबर 2024 में शुरू हुई इस पहल का उद्देश्य लोगों को नियमित शारीरिक गतिविधियों के लिए प्रेरित करना, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। यह अभियान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संदेश ‘फिटनेस का डोज, आधा घंटा रोज’ तथा मोटापे के विरुद्ध राष्ट्रव्यापी अभियान को भी प्रोत्साहित करता है।MY भारत चंबा ने जिले के नागरिकों, युवाओं, विद्यार्थियों, विभिन्न संस्थानों और साइकिल प्रेमियों से अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में शामिल होकर इसे सफल बनाने की अपील की है। आयोजकों ने कहा कि साइकिल चलाना स्वास्थ्य और पर्यावरण दोनों के लिए लाभकारी है।
