बट्ट आईटीआई में वित्तीय साक्षरता शिविर, युवाओं को बैंकिंग योजनाओं की दी जानकारी

डलहौजी/ चम्बा 27 नवंबर चम्बा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)
युवाओं को आर्थिक रूप से जागरूक बनाने और बैंकिंग सुविधाओं का लाभ उठाने के प्रति प्रेरित करने के उद्देश्य से हिमाचल प्रदेश राज्य सहकारी बैंक के वित्तीय साक्षरता केंद्र चुवाड़ी की ओर से शुक्रवार को बट्ट आईटीआई बोंखरी मोड़ में वित्तीय जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। नाबार्ड की वित्तीय समावेशन निधि (एफआईएफ) के तहत आयोजित शिविर में प्रशिक्षुओं और संस्थान के स्टाफ सदस्यों को बैंक की विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में वित्तीय साक्षरता केंद्र चुवाड़ी के परामर्शदाता बनोज कुमार ने प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए कहा कि वर्तमान समय में प्रत्येक व्यक्ति के लिए बैंकिंग सेवाओं और वित्तीय प्रबंधन की जानकारी होना आवश्यक है। उन्होंने युवाओं को बचत की आदत विकसित करने, भविष्य की जरूरतों के लिए निवेश करने तथा सरकारी बीमा योजनाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने सशक्त महिला ऋण योजना, आरडी, एफडी, संयुक्त देयता समूह (जेएलजी), स्वयं सहायता समूहों और मोबाइल बैंकिंग सहित विभिन्न बैंकिंग सुविधाओं के बारे में विस्तार से बताया। साथ ही हिम पैसा ऐप के माध्यम से डिजिटल बैंकिंग और ऑनलाइन लेनदेन की प्रक्रिया समझाई। प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना और प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना के लाभों की जानकारी भी दी गई।

शिविर में वाहन ऋण, गृह ऋण, व्यक्तिगत ऋण, किसान क्रेडिट कार्ड, मुद्रा ऋण, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि ऋण तथा प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम जैसी स्वरोजगार एवं ऋण योजनाओं पर भी प्रकाश डाला गया। युवाओं को सुरक्षित डिजिटल लेनदेन और कैशलेस बैंकिंग अपनाने का आह्वान किया गया।
इस दौरान बचत खाते खोलने के साथ पीएमएसबीवाई, पीएमजेजेबीवाई, एटीएम और हिम पैसा ऐप से संबंधित प्रस्तावों को स्वीकृति प्रदान की गई।
कार्यक्रम में बनीखेत शाखा प्रबंधक संदीप कुमार सहित आईटीआई के स्टाफ सदस्य मौजूद रहे।