शिमला के संजौली में 20 वर्षीय युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, जांच में जुटी पुलिस

शिमला 28 नवंबर चम्बा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)
हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला के संजौली क्षेत्र में एक 20 वर्षीय युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल युवती की मौत के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। पुलिस मामले की विभिन्न पहलुओं से जांच कर रही है।जानकारी के अनुसार, यह घटना संजौली स्थित हिमुडा कॉलोनी में सामने आई है। मृतका की पहचान किरण निवासी गांव जयबाग, डाकघर लगोटी, उपमंडल आनी, जिला कुल्लू के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि युवती संजौली में मुनाल स्कूल के समीप हिमुडा कॉलोनी में किराए के कमरे में रह रही थी।शुक्रवार को स्थानीय लोगों ने युवती को उसके कमरे में मृत अवस्था में पाया। इसके बाद उन्होंने तुरंत पुलिस को घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और कमरे का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाने की प्रक्रिया शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल की जांच के साथ आसपास के लोगों से भी जानकारी हासिल की।पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। शनिवार को पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंपे जाने की बात कही गई है।युवती की मौत किन परिस्थितियों में हुई और इसके पीछे क्या कारण रहे, इसका अभी तक खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस परिजनों तथा आसपास रहने वाले लोगों से पूछताछ कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के वास्तविक कारणों का पता चलने की उम्मीद है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।