
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू अंतरराष्ट्रीय मिंजर मेला के समापन समारोह की करेंगे अध्यक्षता, विभिन्न विकासात्मक परियोजनाओं का करेंगे लोकार्पण एवं शिलान्यास
चंबा 3 अगस्त मुकेश कुमार (गोल्डी)
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू अंतरराष्ट्रीय मिंजर मेला-2024 की 4 अगस्त को अंतिम सांस्कृतिक संध्या में मुख्य अतिथि होंगे । मुख्यमंत्री के चंबा ज़िला के जारी दो दिवसीय प्रवास कार्यक्रम की जानकारी देते हुए उपायुक्त मुकेश रेपसवाल ने बताया कि ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू4 अगस्त को राजधानी शिमला से दोपहर 1 बजे चंबा पहुंचेंगे। मुख्यमंत्री इस दौरान विभिन्न विकासात्मक परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास करने के पश्चात परिधि गृह चंबा में जन समस्याओं को सुनेंगे । उपायुक्त ने बताया कि ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू दोपहर बाद 3 बजे चंबा के ऐतिहासिक चौगान में दंगल प्रतियोगिता के मुख्य अतिथि होंगे । मुख्यमंत्री इसके पश्चात मिंजर मेले के समापन अवसर पर आयोजित होने वाली शोभा यात्रा में शामिल होने के लिए अखंड चंडी महल जाएंगे। यहां से वह शोभा यात्रा के साथ मिंजर विसर्जन के लिए लोअर जुलाहखड़ी में रावी नदी के समीप मंजरी गार्डन जाएंगे । यहां मिंजर विसर्जन की रस्म पूरी करने के पश्चात वह परिधि गृह वापस लौटेंगे । मुकेश रेपसवाल ने बताया कि मुख्यमंत्री देर सांय चंबा के ऐतिहासिक चौगान में अंतिम सांस्कृतिक संध्या के मुख्य अतिथि होंगे । मुख्यमंत्री 5 अगस्त को सुबह 10 बजे चंबा चौगान में अंतरराष्ट्रीय मिंजर मेला के समापन समारोह तथा पुरस्कार वितरण समारोह की अध्यक्षता करेंगे । मुख्यमंत्री सुबह 11.20 बजे चंबा से राजधानी शिमला को प्रस्थान करेंगे ।