
डलहौजी में बड़ी ही धूमधाम से आयोजित हुआ गांधी जयंती का कार्यक्रम उपमंडलाधिकारी डलहौजी ने की अध्यक्षता
डलहौजी/ चंबा 2 अक्टूबर मुकेश कुमार (गोल्डी)
महात्मा गांधी की जयंती के उपलक्ष्य में डलहौज़ी पब्लिक स्कूल के सौजन्य से एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन गाँधी चौक के सेंट जॉन चर्च परिसर में किया गया। गौर हो कि यह आयोजन उपमंडलीय प्रशासन के सहयोग से संपन्न हुआ, जिसमें उपमंडलाधिकारी अनिल भारद्वाज ने मुख्य अतिथि के रूप में भाग लिया। तहसीलदार रमेश चौहान ने कार्यक्रम में विशेष अतिथि के रूप में शिरकत की और इस कार्यक्रम की अध्यक्षता डलहौज़ी पब्लिक स्कूल के चेयरमैन, डॉक्टर कैप्टन जी एस ढिल्लों ने की। इस अवसर पर सर्वप्रथम अनिल भारद्वाज सहित अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने गांधी चौक स्थित महात्मा गांधी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की।

इसके बाद विभिन्न स्कूलों के छात्रों, जिनमें डलहौज़ी पब्लिक स्कूल सहित अन्य सरकारी स्कूल व निजी स्कूल शामिल थे, ने देशभक्ति से ओत-प्रोत समूहगान प्रस्तुत किए। विद्यार्थियों द्वारा महात्मा गांधी के जीवन और उनके सिद्धांतों पर आधारित सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने उपस्थित दर्शकों को भावुक और प्रेरित किया।कार्यक्रम में विशेष अतिथि, एयर कोमोडोर (सेवानिवृत्त) ने डलहौज़ी के ऐतिहासिक पहलुओं पर प्रकाश डालते हुए दर्शकों को महत्वपूर्ण जानकारियों से अवगत कराया। वहीं, बलदेव खोसला ने भविष्य की पीढ़ी को अपने बड़ों के प्रति आदर और सम्मान बनाए रखने के महत्व पर जोर दिया।

मुख्य अतिथि अनिल भारद्वाज ने अपने संबोधन में महात्मा गांधी के आदर्शों पर जोर देते हुए कहा, “सत्य और अहिंसा का मार्ग आज भी उतना ही प्रासंगिक है जितना गांधीजी के समय में था।” उन्होंने उपस्थित छात्रों को गांधीजी के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने के लिए प्रेरित किया और उनकी प्रस्तुतियों की प्रशंसा की।तद्पश्चात राष्ट्रगान के साथ इस कार्यक्रम का समापन हुआ।यह भव्य आयोजन न केवल महात्मा गांधी के जीवन और आदर्शों को श्रद्धांजलि अर्पित करने का माध्यम बना, बल्कि युवाओं के भीतर राष्ट्रप्रेम और आदर्शों को आत्मसात करने का भी संदेश दिया। डलहौज़ी पब्लिक स्कूल के इस आयोजन ने क्षेत्र में गांधीजी के विचारों को पुनर्जीवित करने का महत्वपूर्ण कार्य किया।