बैरागढ़ बस हादसा में मृतकों की संख्या बढ़कर हुई 8, टांडा में उपचाराधीन महिला ने भी तोड़ा दम

तीसा , 9 अगस्त दिलीप सिंह ठाकुर
चुराह उपमंडल के बैरागढ़-चलूंज मोड़ पर हुए दर्दनाक बस हादसे में मृतकों की संख्या बढ़कर आठ हो गई है। हादसे में गंभीर रूप से घायल धारों देवी, निवासी घुलेई, का उपचार डॉ. राजेंद्र प्रसाद मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल टांडा में चल रहा था, जहां उन्होंने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। उनके निधन की पुष्टि होते ही पूरे चुराह क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई है।बताया जा रहा है कि हादसे के बाद धारों देवी को गंभीर अवस्था में प्राथमिक उपचार के बाद टांडा रेफर किया गया था। चिकित्सकों की टीम द्वारा उन्हें बचाने के हरसंभव प्रयास किए गए, लेकिन उनकी हालत लगातार नाजुक बनी रही और अंततः उन्होंने दम तोड़ दिया। इस हादसे ने पहले ही कई परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया था, वहीं एक और मौत की खबर ने क्षेत्र के लोगों को और अधिक व्यथित कर दिया है।हादसे के बाद से ही चुराह क्षेत्र में मातम का माहौल बना हुआ है।

मृतकों के घरों में शोक संतप्त परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। स्थानीय लोगों, जनप्रतिनिधियों और विभिन्न सामाजिक संगठनों ने पीड़ित परिवारों के प्रति गहरी संवेदनाएं व्यक्त की हैं और प्रशासन से प्रभावित परिवारों को हर संभव सहायता प्रदान करने की मांग की है।उल्लेखनीय है कि बैरागढ़-चलूंज मार्ग पर यह हादसा अचानक बस के अनियंत्रित होकर खाई में गिरने से हुआ था, जिसमें कई लोग घायल भी हुए हैं। घायलों का उपचार विभिन्न अस्पतालों में जारी है। प्रशासन द्वारा राहत और बचाव कार्य तत्काल शुरू कर दिया गया था और घायलों को शीघ्र अस्पताल पहुंचाया गया।