मिंजर मेले का भव्य समापन, मुख्यमंत्री ने शोभायात्रा का किया नेतृत्व

मिंजर मेले का भव्य समापन, मुख्यमंत्री ने शोभायात्रा का किया नेतृत्व

चम्बा 03 अगस्त मुकेश कुमार (गोल्डी)

चंबा में आयोजित अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रसिद्ध मिंजर मेले का आज पारंपरिक उत्साह और सांस्कृतिक वैभव के साथ भव्य समापन हो गया। सप्ताहभर चले इस ऐतिहासिक मेले के अंतिम दिन मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने अखंड चंडी पैलेस से मंजरी गार्डन तक निकाली गई पारंपरिक शोभायात्रा का नेतृत्व किया। इस दौरान पूरा शहर रंग-बिरंगे परिधानों, लोक वाद्यों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से सराबोर नजर आया।मुख्यमंत्री शोभायात्रा के दौरान स्थानीय देवी-देवताओं की पालकियों के साथ शामिल हुए।

शोभायात्रा में पारंपरिक वेशभूषा में सजे महिला एवं पुरुष, विभिन्न सांस्कृतिक दल, लोक कलाकार, पर्यटक तथा हिमाचल प्रदेश पुलिस और होमगार्ड के दलों ने भाग लेकर आयोजन की भव्यता को और बढ़ाया। जगह-जगह लोगों ने शोभायात्रा का स्वागत किया और मेले के समापन का उत्सव मनाया।परंपरा के अनुसार मुख्यमंत्री ने रावी नदी के तट पर पहुंचकर ‘मिंजर’ का विधिवत विसर्जन किया। इस धार्मिक अनुष्ठान के तहत लाल वस्त्र में बंधे नारियल, मौसमी फल और सिक्कों को रावी नदी को अर्पित किया गया।

इस अवसर पर उन्होंने प्रदेश और देश की सुख-समृद्धि, शांति तथा अच्छी फसल की कामना की। यह परंपरा चंबा की सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत का महत्वपूर्ण प्रतीक मानी जाती है।इस मौके पर विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया, राज्य योजना बोर्ड के उपाध्यक्ष भवानी सिंह पठानिया, विधायक नीरज नैय्यर, जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुरजीत भरमौरी, एपीएमसी चंबा के अध्यक्ष ललित ठाकुर, कांग्रेस नेता यशवंत खन्ना, अमित भरमौरी, उपायुक्त मुकेश रेपसवाल, पुलिस अधीक्षक विजय कुमार सकलानी सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

मिंजर मेले के सफल आयोजन ने एक बार फिर चंबा की समृद्ध सांस्कृतिक परंपराओं और सामाजिक एकता की मिसाल पेश की, जिससे स्थानीय लोगों के साथ-साथ देश-विदेश से आए पर्यटक भी मंत्रमुग्ध हो उठे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!