चम्बा में टीकाकरण सप्ताह के तहत जिला स्तरीय जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

चम्बा, 29 अप्रैल मुकेश कुमार (गोल्डी)
स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग चम्बा तथा पंडित जवाहर लाल नेहरू राजकीय मेडिकल कॉलेज चम्बा के संयुक्त तत्वावधान में 24 अप्रैल से 30 अप्रैल 2026 तक मनाए जा रहे टीकाकरण सप्ताह के अंतर्गत मेडिकल कॉलेज परिसर में जिला स्तरीय जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य आमजन को टीकाकरण के महत्व के प्रति जागरूक करना तथा नियमित टीकाकरण सेवाओं को और अधिक मजबूत बनाना रहा। इस अवसर पर मेडिकल कॉलेज के अंतिम वर्ष के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।कार्यक्रम के दौरान मुख्य चिकित्सा अधिकारी चम्बा डॉ. जालम भारद्वाज ने कहा कि टीकाकरण संक्रामक बीमारियों से बचाव का सबसे प्रभावी और सुरक्षित उपाय है। उन्होंने बताया कि बच्चों, गर्भवती महिलाओं और अन्य लक्षित वर्गों का समय पर टीकाकरण सुनिश्चित करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों को निर्धारित समय पर सभी आवश्यक टीके अवश्य लगवाएं ताकि उन्हें गंभीर बीमारियों से सुरक्षित रखा जा सके।मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ. पंकज गुप्ता ने अपने संबोधन में कहा कि टीकाकरण कार्यक्रम स्वास्थ्य सेवाओं की एक महत्वपूर्ण कड़ी है, जो समाज को स्वस्थ और सुरक्षित बनाने में अहम भूमिका निभाता है। उन्होंने बताया कि मेडिकल कॉलेज और स्वास्थ्य विभाग मिलकर जिले में टीकाकरण सेवाओं को सुदृढ़ करने के लिए निरंतर प्रयास कर रहे हैं।कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य विशेषज्ञों द्वारा टीकाकरण के लाभ, विभिन्न टीकों के समय और उनके महत्व के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही टीकाकरण से जुड़ी भ्रांतियों और मिथकों को दूर करने पर विशेष जोर दिया गया।इस अवसर पर जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. कविता महाजन, चिकित्सा अधीक्षक डॉ. प्रदीप, डॉ. मानिक सहगल, डॉ. विजय कुमार, डॉ. रंजीत कौर, डॉ. श्रीधर, डॉ. जावेद मुला और डॉ. ईशा सहित कई चिकित्सा विशेषज्ञ और कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने टीकाकरण अभियान को सफल बनाने का संकल्प लिया।