कांगड़ा में पीएम राहत योजना पर जागरूकता कार्यशाला, दुर्घटना पीड़ितों को 1.5 लाख तक कैशलेस उपचार की सुविधा

कांगड़ा में पीएम राहत योजना पर जागरूकता कार्यशाला, दुर्घटना पीड़ितों को 1.5 लाख तक कैशलेस उपचार की सुविधा

कांगड़ा/ धर्मशाला 30 मार्च चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)

सड़क दुर्घटना पीड़ितों को त्वरित और बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय कांगड़ा द्वारा सोमवार को धर्मशाला स्थित उपायुक्त सभागार में एक दिवसीय जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस कार्यशाला की अध्यक्षता उपायुक्त कांगड़ा हेमराज बैरवा ने की, जिसमें विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भाग लिया।उपायुक्त हेमराज बैरवा ने अपने संबोधन में कहा कि प्रधानमंत्री राहत योजना का मुख्य उद्देश्य सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्तियों को समय पर कैशलेस उपचार उपलब्ध करवाना है। उन्होंने बताया कि इस योजना के तहत प्रत्येक पीड़ित को 1.5 लाख रुपये तक का मुफ्त इलाज प्रदान किया जाता है।

उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि दुर्घटना के 24 घंटे के भीतर पीड़ित को सूचीबद्ध अस्पताल में भर्ती करवाना अनिवार्य है, ताकि समय पर उपचार सुनिश्चित किया जा सके और जान बचाई जा सके।कार्यशाला के दौरान अधिकारियों ने योजना के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस योजना में आपातकालीन सेवाएं, सर्जरी, आईसीयू और अन्य आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं शामिल हैं। यह योजना सभी सड़क दुर्घटना पीड़ितों—चाहे वे चालक हों, यात्री हों या पैदल यात्री—सभी पर समान रूप से लागू होती है। इसके अलावा, आईटी आधारित प्रणाली के माध्यम से पूरी प्रक्रिया को पारदर्शी और सरल बनाया गया है।इस अवसर पर आरटीओ धर्मशाला विकास जम्बाल ने कहा कि योजना के सफल क्रियान्वयन के लिए विभागों के बीच बेहतर समन्वय और आम जनता में जागरूकता बेहद जरूरी है।

उन्होंने लोगों से अपील की कि दुर्घटना की स्थिति में घबराएं नहीं, बल्कि तुरंत नजदीकी अस्पताल या पुलिस स्टेशन से संपर्क कर योजना का लाभ उठाएं।कार्यशाला में स्वास्थ्य विभाग, पुलिस विभाग और अन्य संबंधित विभागों के प्रतिनिधियों ने भाग लेकर योजना की विस्तृत जानकारी प्राप्त की और इसे जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!