चंबा ITI में आपदा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित, छात्रों को दिए सुरक्षा और प्रबंधन के महत्वपूर्ण गुर

चम्बा 02 अप्रैल मुकेश कुमार (गोल्डी)
जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (DDMA) चंबा द्वारा आज राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई), चंबा में एक महत्वपूर्ण आपदा जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों एवं उपस्थित प्रतिभागियों को विभिन्न प्रकार की आपदाओं के प्रति जागरूक बनाना तथा आपातकालीन परिस्थितियों में अपनाए जाने वाले आवश्यक सुरक्षा उपायों की जानकारी प्रदान करना था।कार्यक्रम में DDMA चंबा के प्रतिनिधि श्री सुमित गुप्ता विशेष रूप से उपस्थित रहे।

उन्होंने अपने संबोधन में जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की भूमिका, कार्यप्रणाली तथा आपदा के समय विभिन्न एजेंसियों के बीच समन्वय के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि किसी भी आपदा की स्थिति में त्वरित और समन्वित प्रतिक्रिया बेहद आवश्यक होती है, जिसके लिए पहले से तैयारी और जागरूकता होना अनिवार्य है।इसके अतिरिक्त, जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र (DEOC) चंबा से श्री भार्गव शर्मा ने केंद्र की कार्यप्रणाली के बारे में विस्तार से जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि DEOC आपदा के दौरान सूचना के संकलन, निगरानी, समन्वय तथा राहत एवं बचाव कार्यों के संचालन में अहम भूमिका निभाता है। यह केंद्र विभिन्न विभागों के बीच तालमेल स्थापित कर आपदा प्रबंधन को प्रभावी बनाता है।

कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को आपदा से बचाव के उपाय, प्राथमिक उपचार (फर्स्ट एड) की जानकारी तथा आपातकालीन स्थिति में सही और त्वरित निर्णय लेने के बारे में भी प्रशिक्षित किया गया। छात्रों ने इस कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर भाग लिया और विशेषज्ञों से कई महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त कीं।अंत में आयोजकों ने बताया कि इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम भविष्य में भी निरंतर आयोजित किए जाएंगे, ताकि आमजन में आपदा प्रबंधन के प्रति सजगता और तैयारी को और अधिक मजबूत किया जा सके।