राज्य स्तरीय हिमाचल प्रदेश स्थापना दिवस समारोह 25 जनवरी को प्रागपुर में आयोजित होगा

शिमला 08 जनवरी चम्बा न्यूज़ एक्सप्रेस ( ब्यूरो)
हिमाचल प्रदेश सरकार द्वारा यह निर्णय लिया गया है कि राज्य स्तरीय हिमाचल प्रदेश स्थापना दिवस समारोह 25 जनवरी 2026 (रविवार) को जिला कांगड़ा के ऐतिहासिक कस्बे प्रागपुर में आयोजित किया जाएगा। इस भव्य समारोह की अध्यक्षता माननीय मुख्यमंत्री, हिमाचल प्रदेश द्वारा की जाएगी। सरकार के इस निर्णय से जिला कांगड़ा सहित पूरे प्रदेश में उत्साह का माहौल है।सरकारी आदेश के अनुसार, स्थापना दिवस समारोह को सफलतापूर्वक आयोजित करने के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। समारोह स्थल पर सुरक्षा, यातायात, मंच व्यवस्था, अतिथियों के स्वागत, सांस्कृतिक कार्यक्रमों और अन्य प्रशासनिक तैयारियों को लेकर सभी इंतजाम किए जाएंगे, ताकि कार्यक्रम गरिमामय ढंग से संपन्न हो सके।राज्य स्तरीय स्थापना दिवस समारोह में प्रदेश की समृद्ध संस्कृति, लोक कला और परंपराओं की झलक देखने को मिलेगी। इस अवसर पर विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा, जिसमें प्रदेश के अलग-अलग जिलों के कलाकार अपनी प्रस्तुतियां देंगे। इसके अलावा, विकास कार्यों, सरकारी योजनाओं और उपलब्धियों को भी प्रदर्शित किया जाएगा।