करींया बट रेंज में चंबा पुलिस का तीन दिवसीय वार्षिक फायरिंग अभ्यास जारी

चंबा, 08 जनवरी मुकेश कुमार (गोल्डी)
आज जिला मुख्यालय चंबा में स्थित करींया बट रेंज में चंबा पुलिस द्वारा वार्षिक तीन दिवसीय फायरिंग अभ्यास का आयोजन किया जा रहा है। यह अभ्यास बीते कल से आरंभ हुआ है और कल तक जारी रहेगा। इस अभ्यास का मुख्य उद्देश्य पुलिस जवानों को शस्त्र संचालन में दक्ष बनाए रखना तथा उनकी पेशेवर क्षमताओं को और अधिक सुदृढ़ करना है।
इस महत्वपूर्ण आयोजन में पुलिस अधीक्षक चंबा विजय सकलानी विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने न केवल अभ्यास स्थल का निरीक्षण किया, बल्कि स्वयं भी फायरिंग अभ्यास कर जवानों का मनोबल बढ़ाया। पुलिस अधीक्षक की मौजूदगी से जवानों में खासा उत्साह देखने को मिला और अभ्यास को और अधिक गंभीरता एवं अनुशासन के साथ संपन्न किया जा रहा है।
फायरिंग अभ्यास को लेकर पुलिस अधीक्षक चंबा विजय सकलानी ने जानकारी देते हुए बताया कि बीते कल 100 और आज 250 दो दिनों में कुल 350 पुलिस जवान इस अभ्यास में भाग ले चुके हैं। शेष जवान कल अपने निर्धारित सत्र में फायरिंग अभ्यास करेंगे।

उन्होंने स्पष्ट किया कि इस अभ्यास में चंबा जिला की गुप्तचर इकाई के जवानों ने भी सक्रिय रूप से भाग लिया है, जिससे सभी इकाइयों के बीच समन्वय और दक्षता को बढ़ावा मिल रहा है।
पुलिस अधीक्षक ने यह भी बताया कि यह फायरिंग अभ्यास पुलिस विभाग की नियमित प्रशिक्षण प्रक्रिया का एक अहम हिस्सा है। ऐसे अभ्यासों से जवानों को अपने शस्त्रों की तकनीकी जानकारी, निशानेबाजी की सटीकता और आपात परिस्थितियों में त्वरित निर्णय लेने की क्षमता में सुधार होता है। इसके साथ ही यह अभ्यास कानून-व्यवस्था बनाए रखने और आम जनता की सुरक्षा सुनिश्चित करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
करींया बट रेंज में चल रहे इस फायरिंग अभ्यास के दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। प्रशिक्षकों की निगरानी में सभी जवान निर्धारित मानकों और नियमों के अनुसार अभ्यास कर रहे हैं। पुलिस विभाग का मानना है कि इस प्रकार के नियमित प्रशिक्षण से बल की कार्यकुशलता बढ़ती है और जवान हर चुनौती का सामना करने के लिए तैयार रहते हैं।