एसआईयू पुलिस की बड़ी कामयाबी, 5.49 ग्राम चिट्टा/हेरोइन के साथ दो युवक गिरफ्तार

एसआईयू पुलिस की बड़ी कामयाबी, 5.49 ग्राम चिट्टा/हेरोइन के साथ दो युवक गिरफ्तार

डलहौजी/चंबा 9 फरवरी मुकेश कुमार (गोल्डी)

नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत एसआईयू (स्पेशल इन्वेस्टिगेशन यूनिट) पुलिस दल को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। गुप्त सूचना के आधार पर की गई सटीक और त्वरित कार्रवाई में पुलिस ने दो युवकों के कब्जे से 5.49 ग्राम चिट्टा/हेरोइन बरामद की है। यह कार्रवाई दोपहर करीब ढाई बजे चंबा–पठानकोट राष्ट्रीय राजमार्ग एनएच-154ए पर स्थित लेक व्यू गेस्ट हाउस, गंढीयार मोड़ के समीप की गई, जिससे नशा तस्करी में संलिप्त लोगों में हड़कंप मच गया है।पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, बरामद नशीला पदार्थ दो आरोपियों के पास से मिला है।

गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान 32 वर्षीय अनिल ठाकुर पुत्र स्वर्गीय रोशन लाल ठाकुर, निवासी गांव डोहल सिमणी, डाकघर सिमणी, तहसील सलूणी, जिला चंबा तथा 23 वर्षीय राकेश कुमार पुत्र बिंदु राम, निवासी गांव ककियाणा, डाकघर शेरपुर, तहसील डलहौजी, जिला चंबा के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को मौके पर ही हिरासत में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई प्रारंभ कर दी।गुप्त सूचना मिलते ही पुलिस थाना डलहौजी के अंतर्गत एसआईयू टीम ने योजनाबद्ध तरीके से दबिश दी। तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से कुल 5.49 ग्राम चिट्टा/हेरोइन बरामद की गई, जिसे विधिवत रूप से जब्त कर सील किया गया।

इसके पश्चात दोनों आरोपियों को औपचारिक रूप से गिरफ्तार कर लिया गया।इस मामले में पुलिस थाना डलहौजी में दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। पूरे प्रकरण की पुष्टि पुलिस अधीक्षक चंबा विजय कुमार सकलानी ने करते हुए बताया कि आरोपियों से गहन पूछताछ की जा रही है। पूछताछ के दौरान यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि नशीला पदार्थ कहां से लाया गया था और इसके पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं।

साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि कहीं यह मामला किसी बड़े अंतर-जिला या अंतर-राज्य नशा तस्करी नेटवर्क से तो नहीं जुड़ा है।पुलिस अधीक्षक चंबा ने आम जनता से अपील की है कि नशे के खिलाफ इस अभियान में पुलिस का सहयोग करें और नशीले पदार्थों की तस्करी या अवैध बिक्री से संबंधित किसी भी प्रकार की सूचना तुरंत पुलिस को दें। उन्होंने स्पष्ट किया कि नशे के सौदागरों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई आगे भी पूरी गंभीरता के साथ जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!