स्वास्थ्य विभाग द्वारा चिकित्सा अधिकारियों के लिए NSV प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित

स्वास्थ्य विभाग द्वारा चिकित्सा अधिकारियों के लिए NSV प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित

चम्बा 09 फरवरी मुकेश कुमार (गोल्डी)

स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग द्वारा आज पुरुष नसबंदी विषय पर चिकित्सा अधिकारियों के लिए NSV ट्रेनिंग ऑफ ट्रेनर्स (TOT) कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्देश्य चिकित्सा अधिकारियों को नॉन-स्केलपेल वेसिक्टोमी (NSV) के संबंध में विस्तृत जानकारी एवं व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान करना है, ताकि परिवार नियोजन कार्यक्रम को और अधिक प्रभावी बनाया जा सके।प्रशिक्षण कार्यक्रम में विशेषज्ञ चिकित्सकों डॉ. नवदीप राठौर, डॉ. दीपेश बराल तथा डॉ. नरिंदर कुमार ने प्रशिक्षण प्रदान किया। उन्होंने NSV प्रक्रिया के विभिन्न पहलुओं पर प्रकाश डालते हुए बताया कि यह पुरुषों के लिए परिवार नियोजन का एक सुरक्षित, सरल और प्रभावी तरीका है। उन्होंने कहा कि NSV प्रक्रिया बहुत कम समय में पूरी हो जाती है तथा इसमें किसी प्रकार की चीरा-टांका नहीं किया जाता, जिससे जटिलताओं और जोखिम की संभावना न के बराबर होती है। साथ ही, यह प्रक्रिया पूरी तरह सुरक्षित है और पुरुषों के स्वास्थ्य पर इसका कोई नकारात्मक प्रभाव नहीं पड़ता।जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. कविता महाजन ने जानकारी देते हुए बताया कि परिवार नियोजन कार्यक्रम के अंतर्गत जिले में यह दूसरा NSV प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया जा रहा है। यह शिविर दिनांक 9 फरवरी 2026 से 12 फरवरी 2026 तक पंडित जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज में आयोजित किया जा रहा है। इस दौरान पुरुष नसबंदी कैंप का भी आयोजन किया जा रहा है, जिसमें जिला कांगड़ा के चिकित्सकों ने भाग लिया है। प्रशिक्षण में भाग लेने वाले चिकित्सकों में डॉ. अतुल चौधरी, डॉ. करन शर्मा, डॉ. कन्हाई शर्मा तथा डॉ. राहुल धीमान शामिल हैं।हैंड्स-ऑन ट्रेनिंग के दौरान पात्र लाभार्थियों की NSV प्रक्रिया की जाएगी, जिससे चिकित्सकों को प्रत्यक्ष अनुभव प्राप्त होगा। डॉ. कविता महाजन ने यह भी बताया कि अगला NSV प्रशिक्षण शिविर 23 फरवरी से 26 फरवरी तक आयोजित किया जाएगा। इसके अतिरिक्त, जल्द ही खंड स्तर पर भी परिवार नियोजन शिविरों का आयोजन किया जाएगा, जिनमें पुरुष नसबंदी के ऑपरेशन किए जाएंगे। स्वास्थ्य विभाग का यह प्रयास परिवार नियोजन के प्रति जागरूकता बढ़ाने और सुरक्षित विकल्पों को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!